गुरुग्राम। ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ के विजेता और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर Elvish Yadav को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। एल्विश यादव ने गुरुग्राम के सेक्टर-56 थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि उनसे 10 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है।
शिकायत के अनुसार, एल्विश यादव और उनके पिता के मोबाइल फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हॉट्सएप कॉल और मैसेज भेजे गए। मैसेज में दो दिन के भीतर 10 करोड़ रुपये देने की मांग की गई और रकम न देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
पुलिस के मुताबिक, एल्विश यादव विदेशी नंबर से आई कॉल रिसीव नहीं कर पाए, जिसके बाद उन्हें व्हॉट्सएप पर धमकी भरा मैसेज मिला। एल्विश ने अपनी शिकायत में बताया कि मैसेज भेजने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी रणदीप मलिक बताया है।
एल्विश यादव का कहना है कि यही धमकी भरा संदेश उनके पिता के मोबाइल नंबर पर भी भेजा गया। शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस विदेशी नंबर और व्हॉट्सएप अकाउंट की तकनीकी जांच कर रही है।
यह पहली बार नहीं है जब एल्विश यादव सुरक्षा को लेकर चर्चा में आए हों। इससे पहले अगस्त 2025 में उनके घर पर फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। उस दौरान बाइक सवार बदमाशों ने उनके घर के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी। मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जबकि हमले की जिम्मेदारी विदेश में बैठे भाऊ गैंग ने ली थी।
गौरतलब है कि एल्विश यादव सोशल मीडिया और यूट्यूब की दुनिया का बड़ा नाम हैं। ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ जीतने के बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी से इजाफा हुआ था और वह लगातार सुर्खियों में बने रहते हैं।

