onwin giriş
Home देश

महादेव बेटिंग ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई, सौरभ चंद्राकर का करीबी रवि उप्पल UAE में हिरासत में; भारत लाने की तैयारी

महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में भारतीय जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। इस मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर के करीबी सहयोगी रवि उप्पल को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में हिरासत में ले लिया गया है। रवि उप्पल को महादेव ऑनलाइन बैटिंग ऐप सिंडिकेट के प्रमुख सदस्यों में से एक माना जाता है। आरोप है कि इस ऐप के जरिए अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और बड़े पैमाने पर वित्तीय लेनदेन का नेटवर्क चलाया जा रहा था। भारतीय जांच एजेंसियां लंबे समय से सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश कर रही थीं।

जानकारी के मुताबिक, भारत की मांग पर UAE के अधिकारियों ने रवि उप्पल को अस्थायी रूप से हिरासत में लिया है। भारत सरकार अब उसे जल्द से जल्द भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है। रवि उप्पल महादेव ऐप के दो मुख्य प्रमोटरों में से एक बताया जाता है। इस सिंडिकेट का दूसरा प्रमुख प्रमोटर सौरभ चंद्राकर है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही सौरभ चंद्राकर को सीबीआई ओमान से भारत लेकर आई थी। अब रवि उप्पल की हिरासत को इस मामले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

रवि उप्पल के खिलाफ इंटरपोल की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। अक्टूबर 2023 में दुबई पुलिस ने इसी नोटिस के आधार पर उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में उसे जमानत मिल गई थी। इसके बाद रवि उप्पल दुबई छोड़कर प्रशांत महासागर में स्थित देश वानुआतु चला गया था। बताया जाता है कि उसने वानुआतु की नागरिकता भी हासिल कर ली थी।

रवि उप्पल ने इंटरपोल से अपना रेड कॉर्नर नोटिस हटवाने की कोशिश भी की थी, लेकिन जनवरी में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उसकी याचिका का विरोध किया था। नवंबर 2025 में ED को जानकारी मिली थी कि रवि उप्पल UAE में भी लापता है और उसका पता नहीं चल पा रहा है। इसके बाद एजेंसी ने इंटरपोल को बताया था कि रवि उप्पल करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वांछित है। सुप्रीम कोर्ट भी ED को उसका पता लगाने का निर्देश दे चुका है।

अब भारतीय जांच एजेंसियों की कोशिश है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रवि उप्पल को जल्द भारत लाया जाए। एजेंसियां उससे महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क, मनी लॉन्ड्रिंग, रिश्वत और संरक्षण राशि से जुड़े लेनदेन के बारे में पूछताछ करना चाहती हैं। रवि उप्पल से पूछताछ के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.