
नेपाल के सोलुखुंबु जिले में मंगलवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। यहां फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होती दिखाई दे रही है।
नेपाल नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के मुताबिक, फिस्टेल एयर और डायनेस्टी एयर के हेलीकॉप्टर फेरीचे हेलीपैड पर उतर रहे थे। इसी दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के पंखे आपस में टकरा गए और यह दुर्घटना हो गई। प्राधिकरण के सूचना अधिकारी ज्ञानेन्द्र भुल ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
सोलुखुंबु जिला पुलिस कार्यालय के डीएसपी नवीनराज बुढाथोकी के अनुसार, खुम्बु पासांगल्हामु क्षेत्र के फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग के दौरान यह हादसा हुआ। जिला प्रशासन के मुताबिक, दुर्घटना में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 47 वर्षीय भारतीय नागरिक वसंत कुमार बलारा माडू के रूप में हुई है।
वहीं, घायल व्यक्ति की पहचान 53 वर्षीय शैलेश किशन पटेल के रूप में हुई है, जो भारतीय मूल के न्यूजीलैंड के नागरिक हैं। हादसे में फिस्टेल एयर के पायलट को भी सामान्य चोटें आई हैं। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए माउंटेन हेलीकॉप्टर से अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक का शव प्रभु हेलीकॉप्टर के जरिए लुक्ला पहुंचाया गया।
इस दुर्घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों के बीच टक्कर होती दिखाई दे रही है। घटनास्थल के आसपास कई लोग भी मौजूद नजर आ रहे हैं। फिलहाल संबंधित अधिकारी हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
इसी बीच अमेरिका के फ्लोरिडा में भी विमान हादसे की घटना सामने आई है। सोमवार को दक्षिण फ्लोरिडा के एक रिहायशी इलाके में एक बिजनेस जेट क्रैश हो गया। इस हादसे में विमान में सवार सभी 9 लोगों की मौत हो गई। विमान दोपहर करीब 12:50 बजे पाम बीच काउंटी के क्रेस्टहेवन इलाके में गिरा और आग के बड़े गोले में बदल गया। यह हादसा अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिसॉर्ट मार-ए-लागो से करीब 9 मील यानी 14 किलोमीटर दूर हुआ।

