
फ्रांस में हिंसक विरोध प्रदर्शनों और कर्फ्यू के बीच भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने फ्रांस में रह रहे और वहां यात्रा कर रहे भारतीयों को सतर्क रहने, भीड़भाड़ वाली जगहों और प्रदर्शन स्थलों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
भारतीय दूतावास ने किसी भी आपात स्थिति में नागरिकों को संबंधित भारतीय मिशन से संपर्क करने की सलाह दी है।
भारतीय दूतावास, पेरिस: +33 6 48 34 00 63
ईमेल: cons.paris@mea.gov.in
भारत का महावाणिज्य दूतावास, मार्सिले: +33 7 43 16 25 59
ईमेल: cgo.marseille@mea.gov.in
दूतावास ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा को प्राथमिकता दें और स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
ट्रंप के बयान पर मैक्रों की नाराजगी
फ्रांस में जारी अशांति के बीच राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने आरोप लगाया कि विदेशी नेता देश के तनावपूर्ण सामाजिक माहौल का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्रांस में हुई हिंसा को लेकर मैक्रों से सीमाएं बंद करने और हालात पर नियंत्रण पाने की अपील की थी। ट्रंप ने बिना ठोस सबूत के मुस्लिम प्रवासियों को अशांति के लिए जिम्मेदार ठहराने वाले दावे भी किए।
इसके जवाब में मैक्रों ने कहा कि फ्रांस में हुई लूटपाट की घटनाओं के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गलत सूचनाएं फैलाई गईं। उन्होंने विदेशी नेताओं की कुछ टिप्पणियों को अनुचित और बेतुका बताया।
मैक्रों ने AI से बनी तस्वीरों पर जताई चिंता
मैक्रों ने यह भी कहा कि फ्रांस में हिंसा के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) से बनाई गई ऐसी तस्वीरें प्रसारित की गईं, जिनमें उन घटनाओं को दिखाया गया जो वास्तव में हुई ही नहीं थीं। उन्होंने प्रवासियों और इस्लामवादियों की कथित भीड़ द्वारा हमले किए जाने के कुछ दावों को भी गलत बताया।
इस बीच, यूरोप के अन्य देशों में भी महंगाई, ईंधन की बढ़ती कीमतों और आजीविका से जुड़ी समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। ऐसे माहौल में भारतीय दूतावास ने फ्रांस में मौजूद भारतीय नागरिकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

