
तालिबान शासन के बीच अफगानिस्तान में एक बार फिर धमाके से दहशत फैल गई है। देश के पूर्वी कुनार प्रांत में शनिवार सुबह एक मिडिल स्कूल में जोरदार विस्फोट हुआ। इस घटना में कई छात्रों के हताहत होने की खबर है। RT मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, धमाके में 6 बच्चों की मौत हुई है, जबकि 90 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक हताहतों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि नहीं की गई है।
सुबह 10 बजे स्कूल में हुआ जोरदार धमाका
कुनार प्रांतीय पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता फरीद देहकान के अनुसार, विस्फोट शनिवार सुबह करीब 10 बजे अंदार सेर इलाके में स्थित एक स्कूल में हुआ। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और जांच टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट में कई छात्र मारे गए या घायल हुए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ और इसके पीछे किसका हाथ है। कुनार प्रांत पाकिस्तान की सीमा से सटा हुआ है।
पहले भी स्कूलों को बनाया जा चुका है निशाना
अफगानिस्तान में स्कूलों पर हमले की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त में राजधानी काबुल के एक स्कूल परिसर में हैंड ग्रेनेड से हमला हुआ था। उस घटना में 9 से 14 साल की उम्र के 40 से ज्यादा बच्चे घायल हुए थे।
इसके अलावा अफगानिस्तान में सार्वजनिक स्थानों और धार्मिक स्थलों पर भी विस्फोट की घटनाएं सामने आती रही हैं। अगस्त 2024 में काबुल में एक मिनी वैन को निशाना बनाकर बम धमाका किया गया था, जिसकी जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट ने ली थी।
तालिबान शासन में सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
अफगानिस्तान में तालिबान की सत्ता आने के बाद भी अलग-अलग इलाकों में आतंकी हमलों और विस्फोट की घटनाएं सामने आती रही हैं। स्कूल में हुए ताजा धमाके ने एक बार फिर आम नागरिकों, खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां विस्फोट के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। आधिकारिक तौर पर मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या सामने आने का इंतजार है।

