onwin giriş
Home दिल्ली/NCR देश

देशभर में मौसम का बदला मिजाज, 13 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। एक तरफ कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान कर रही है, तो दूसरी ओर कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 10 मई के लिए उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ क्षेत्रों में 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिन के समय लू चलने की आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उमस और गर्मी के बीच मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने 12 से 14 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में बारिश और तेज तूफान की चेतावनी जारी की है।

बिहार में भी मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 10 से 15 मई के बीच राज्य के कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, पटना, गया, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, किशनगंज और खगड़िया में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

पंजाब में 10 से 14 मई के बीच मौसम खराब रहने का अनुमान है। होशियारपुर, लुधियाना, पठानकोट, कपूरथला, अमृतसर, बठिंडा, मोगा, तरनतारन, मुक्तसर और जालंधर में मध्यम से भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं 11 से 14 मई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.