पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार सुबह केदारनाथ धाम पहुंचे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर धाम में सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाएं पहले से ही चाक-चौबंद की गई थीं। उनके साथ आशा नौटियाल भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री के आगमन पर स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति के पदाधिकारियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी केदारनाथ धाम स्थित विवेकानंद अस्पताल के दूसरे भवन का लोकार्पण करेंगे। यह नया भवन आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में अस्पताल का विस्तार स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामप्रकाश ने बताया कि अस्पताल के समीप बनाए गए नए भवन का निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के हाथों लोकार्पण होने के बाद अस्पताल में मरीजों के उपचार, आपातकालीन सेवाओं और स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का दायरा बढ़ जाएगा। इससे चारधाम यात्रा के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को त्वरित चिकित्सा सहायता मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राज्य सरकार लगातार यात्रा मार्गों पर स्वास्थ्य, सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के प्रयास कर रही है। यात्रा मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, ऑक्सीजन सुविधाओं और हेल्थ चेकअप सेंटरों की व्यवस्था की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए विशाल मिश्रा और नीहारिका तोमर पहले से ही केदारनाथ धाम में मौजूद हैं और सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वास्थ्य और यात्री सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री धामी बाबा केदार के दर्शन और पूजा-अर्चना भी करेंगे तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि और चारधाम यात्रा की सफल संचालन की कामना करेंगे। सरकार का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।

