onwin giriş
Home देश

महाराष्ट्र के नांदेड़ में हजारों अवैध हथियार बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

नांदेड़ में पुलिस द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत एक बड़ी कार्रवाई में 4,796 से अधिक धारदार हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह महाराष्ट्र में अब तक की सबसे बड़ी हथियार बरामदगी मानी जा रही है।

नांदेड़ ग्रामीण पुलिस ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में तलवारें, खंजर और अन्य घातक हथियारों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक साजिश में किया जा सकता था।

पूरा मामला तब सामने आया जब पुलिस को इलाके में अवैध हथियारों के कारोबार की गुप्त सूचना मिली। इंस्पेक्टर ओमकांत चिंचोलकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बलीरामपुर इलाके में देर रात जाल बिछाया और एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से तलवार और खंजर बरामद किए गए।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने वजीराबाद स्थित गुरु रामदास नगर में छापेमारी की। यहां एक मकान से हथियारों का भारी जखीरा बरामद हुआ। पुलिस के पहुंचने से पहले एक आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन करीब 24 घंटे तक चली कार्रवाई में हजारों हथियार जब्त किए गए।

पुलिस के मुताबिक बरामद हथियारों में 315 बड़ी तलवारें, 135 मध्यम आकार की तलवारें, बड़ी संख्या में खंजर, गुप्तियां, खंडा और कुकरी शामिल हैं। इन हथियारों की अनुमानित कीमत 43 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि लगभग 90 प्रतिशत हथियार ऐसे हैं, जिनका इस्तेमाल मुख्य रूप से आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता है।

जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड जसवंत सिंह फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि धार्मिक या सजावटी उपयोग के नाम पर अवैध हथियारों की बिक्री करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार कहां से लाए गए, किन इलाकों में सप्लाई किए जाने थे और क्या इसके पीछे कोई संगठित गिरोह या बाहरी फंडिंग शामिल है।

फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.