देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के गांधी पार्क में आयोजित ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को हमेशा प्रज्वलित रखने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक यात्रा नहीं बल्कि राष्ट्र गौरव का उत्सव है। तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान पर कभी आंच नहीं आने दी।
उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रभक्ति की भावना देवभूमि उत्तराखंड के कण-कण में बसी हुई है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है। मेक इन इंडिया, डिजिटल क्रांति और स्वदेशी तकनीक के माध्यम से भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के कई क्षेत्रों में नई दिशा दिखा रहा है और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सेना का मनोबल बढ़ा है। सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है। उन्होंने कहा कि भारत अब रक्षा क्षेत्र में निर्यातक देश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने उत्तराखंड को ‘देवभूमि’ के साथ-साथ ‘वीरभूमि’ भी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं और राज्य के अनेक परिवारों के युवा देश की सीमाओं की रक्षा के लिए तैनात हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी और हवाई कनेक्टिविटी जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि 30 से अधिक क्षेत्रों में विशिष्ट नीतियों के माध्यम से राज्य के विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री के अनुसार पिछले एक वर्ष में राज्य की GSDP में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में भी 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1,750 से अधिक हो चुकी है। उनके मुताबिक राज्य में रिवर्स पलायन में भी 44 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य सरकार का लक्ष्य देवभूमि के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए विकास को गति देना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले करीब पांच वर्षों में बिना धांधली के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। साथ ही मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होम-स्टे और पर्यटन नीति जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि ‘नौकरी देने वाला’ बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और सौरभ बहुगुणा, विधायक खजान दास, उमेश शर्मा काऊ, विनोद चमोली और सविता कपूर, मेयर सौरभ थपलियाल समेत भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
