चमोली जिले के ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में बेली ब्रिज बहने की घटना के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। मंगलवार को भी मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और गढ़वाल मंडल आयुक्त से घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत-बचाव, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति तथा सड़क संपर्क जल्द बहाल करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में राशन, खाद्य सामग्री, दवाइयों और अन्य जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि सामान्य मार्ग से सामग्री पहुंचाना संभव न हो तो वैकल्पिक रास्तों और अन्य उपलब्ध साधनों का इस्तेमाल किया जाए। ग्रामीणों तक जरूरी सामान समय पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर आवाजाही बहाल करने के लिए सभी संभावित विकल्पों पर तत्काल काम शुरू करने को कहा है। अधिकारियों को ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर नुकसान और वास्तविक स्थिति का आकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि राहत और पुनर्व्यवस्था के कार्यों में देरी न हो।
मौसम में बदलाव और जलप्रवाह बढ़ने की आशंका को देखते हुए मुख्यमंत्री ने निचले इलाकों और नदी-नालों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) से चमोली समेत प्रदेश के सभी संवेदनशील इलाकों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।
सोमवार को ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमकनाला में अचानक जलप्रवाह बढ़ने के कारण 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित बेली ब्रिज बह गया था। तेज बहाव की चपेट में एक व्यक्ति और एक कैंपर वाहन के बहने की सूचना भी सामने आई थी।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों की टीमें भी मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं।
तमकनाला की घटना के बाद सरकार का फोकस राहत-बचाव के साथ-साथ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक वस्तुओं की निर्बाध आपूर्ति, वैकल्पिक कनेक्टिविटी और आवाजाही की जल्द बहाली पर है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया है कि कठिन परिस्थितियों में प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
