
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को ‘खुशियों की ईद’ बताने वाले बयान पर सियासत तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने खरगे के बयान पर पलटवार करते हुए कांग्रेस पर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा ने कांग्रेस की नीति को सनातन विरोधी भी बताया है।
दरअसल, रविवार को दीपावली के अवसर पर मल्लिकार्जुन खरगे ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए दिवाली को खुशियों का त्योहार बताया। इस दौरान उन्होंने इसकी तुलना ईद से कर दी, जिसके बाद राजनीतिक विवाद शुरू हो गया।
दीपावली की बधाई देते हुए खरगे ने कहा कि वह सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि दिवाली भारत का एक बड़ा त्योहार है, जिसे सभी लोग मनाते हैं। यह खुशियों की एक ईद है। उन्होंने आगे कहा कि यह लोगों के सुख-शांति से रहने और अपनों से मिलने का अच्छा अवसर है।
खरगे के बयान पर भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिवाली जैसे त्योहार पर भी कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति को प्राथमिकता दी है।
प्रदीप भंडारी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने दीपावली को ‘खुशियों की ईद’ बताया। उन्होंने सोनिया गांधी और सनातन धर्म से जुड़े पुराने विवादों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि गांधी-वाड्रा परिवार के नेतृत्व में कांग्रेस की नीति सनातन और हिंदू विरोधी रही है।
इस विवाद पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने खरगे के बयान का बचाव करते हुए कहा कि खुशी की बात आती है तो ईद का उदाहरण दिया जाता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद किसी से मिलने पर लोग पूछते हैं कि क्या तुम ईद का चांद हो गए हो?
अल्वी के मुताबिक, ईद और दिवाली दोनों ही खुशियों के त्योहार हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी बात किसी धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति से ही सुनने को मिल सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि ईद और दिवाली में एक फर्क है कि ईद के दौरान AQI (एयर क्वालिटी इंडेक्स) नहीं बढ़ाया जाता।

