
मिस्र की राजधानी काहिरा के पास रविवार को दो यात्री ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 88 अन्य घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रेन पटरी से उतर गई। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना गीजा प्रांत के अल-अय्यात जिले में हुई, जो काहिरा से करीब 52 किलोमीटर दूर स्थित है। मिस्र के परिवहन मंत्रालय के अनुसार, फय्यूम प्रांत की ओर जा रही एक ट्रेन ने असवान प्रांत की तरफ जाने वाली दूसरी ट्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद एक ट्रेन पटरी से उतर गई। हालांकि, मंत्रालय ने यह स्पष्ट नहीं किया कि किस ट्रेन के डिब्बे पटरी से उतरे।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने हादसे में चार लोगों की मौत और 88 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। सभी घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
हादसे पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए दुर्घटना की तत्काल जांच कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की बात कही है।
दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया। रेलवे अधिकारियों ने मलबा हटाने और रेल सेवाओं को जल्द सामान्य करने के लिए क्रेन समेत अन्य संसाधन तैनात किए हैं।
गौरतलब है कि पिछले साल सितंबर में भी मिस्र के इसी अल-अय्यात जिले में दो मालगाड़ियों के बीच टक्कर हुई थी। उस हादसे में एक ट्रेन चालक और उसका सहायक घायल हो गए थे।
हाल ही में केन्या के माकुएनी में भी एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। यहां बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। पुलिस के मुताबिक, बस में सवार सभी लोग एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे।

