कोप्पल: कर्नाटक के कोप्पल जिले से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बंदर के धक्का देने से 91 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। महिला शाम के समय अपने घर के आंगन में टहल रही थीं, तभी अचानक एक बंदर वहां पहुंचा और उन पर झपट पड़ा। बंदर के धक्के से महिला जमीन पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। पूरी घटना घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
बंदर ने अचानक महिला पर किया हमला
CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बाहर से आवाज सुनने के बाद नजमुन्निसा बेगम घर से बाहर आती हैं। इसी दौरान एक बंदर उन पर झपटता है और उन्हें धक्का दे देता है। महिला जमीन पर गिर जाती हैं और उनके सिर में चोट लगती है।
शोर सुनकर घर के अंदर से एक अन्य महिला बाहर आती हैं। बंदर दोबारा उनकी तरफ भी बढ़ता है और हमला करने की कोशिश करता है। तभी आसपास के लोग वहां पहुंच जाते हैं, जिसके बाद बंदर मौके से भाग जाता है।
घटना के बाद नजमुन्निसा बेगम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रसिद्ध लेखक की पत्नी थीं नजमुन्निसा बेगम
मृतका की पहचान 91 वर्षीय नजमुन्निसा बेगम के रूप में हुई है। वह क्षेत्र के प्रसिद्ध लेखक एम.एस. सवदत्ती की पत्नी थीं। बताया गया कि वह रोज की तरह अपने घर के आंगन में टहल रही थीं। इसी दौरान बंदर दीवार फांदकर परिसर में दाखिल हुआ और अचानक उन पर हमला कर दिया।
धक्का लगने के बाद नजमुन्निसा कंक्रीट के फर्श पर गिर गईं। सिर में लगी चोट को गंभीर माना गया और अस्पताल पहुंचने के बाद उनकी मौत हो गई।
दिल्ली चिड़ियाघर में भी बंदर ने किया था हमला
बंदर के हमले की एक अन्य घटना हाल ही में दिल्ली चिड़ियाघर में भी सामने आई थी। वहां बाड़े से बाहर आए एक बंदर ने एक केयरटेकर पर हमला कर दिया था। हमले में केयरटेकर की एक उंगली कट गई थी और दोनों पैरों पर भी गंभीर चोटें आई थीं। बाद में बंदर ने एक पर्यटक पर भी हमला किया, जिसके बाद चिड़ियाघर परिसर में अफरातफरी मच गई।
