मॉस्को/कीव: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर भीषण रूप लेता दिख रहा है। दोनों देशों ने रातभर एक-दूसरे के इलाकों में मिसाइल और ड्रोन से हमले किए। इन हमलों में दोनों तरफ कई लोगों की मौत हुई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। रूस के सीमावर्ती इलाकों में यूक्रेनी ड्रोन हमलों से भारी नुकसान की खबर है।
यूक्रेन ने रूस के सीमावर्ती बेलगोरोड क्षेत्र में ड्रोन हमला किया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और करीब दो दर्जन लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हमलों में कई आवासीय इमारतों और निजी घरों को नुकसान पहुंचा है।
वहीं, रूस ने यूक्रेन के कई शहरों पर बड़े पैमाने पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए। खार्किव में एक ऊंची इमारत वाले अपार्टमेंट ब्लॉक पर रूसी मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 13 लोग घायल हुए। इसके अलावा ब्लैक सी पोर्ट शहर ओडेसा पर दर्जनों मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें आठ लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
रूस के लगातार मिसाइल हमलों के बीच यूक्रेन के सामने एयर डिफेंस की बड़ी चुनौती बनी हुई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की कई महीनों से अमेरिका और अन्य सहयोगी देशों से अतिरिक्त पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और इंटरसेप्टर की मांग कर रहे हैं।
यूक्रेन का कहना है कि पैट्रियट इंटरसेप्टर की कमी के कारण रूसी मिसाइलों को रोकना मुश्किल हो रहा है। जेलेंस्की के मुताबिक, नागरिकों और महत्वपूर्ण शहरों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त एयर डिफेंस सिस्टम बेहद जरूरी है।
यूक्रेन रूस के अंदर लंबी दूरी के ड्रोन से लगातार हमले कर रहा है। इन हमलों में ऊर्जा ढांचे, ईंधन से जुड़े प्रतिष्ठानों और अन्य महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाए जाने की खबर है। इससे रूस के कुछ हिस्सों में ईंधन आपूर्ति पर दबाव बढ़ने का दावा किया जा रहा है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को दावा किया कि उसकी वायु रक्षा प्रणालियों ने रातभर में 153 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन की ओर से किए गए हमलों में ड्रोन भंडारण केंद्रों, ईंधन डिपो और अन्य सैन्य-संबंधी ठिकानों को निशाना बनाया गया।
बेलगोरोड क्षेत्र के अधिकारियों के मुताबिक, यूक्रेनी ड्रोन हमलों में 29 अपार्टमेंट ब्लॉक और पांच निजी घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा प्रशासनिक इमारतों और कुछ व्यावसायिक परिसरों को भी नुकसान होने की जानकारी दी गई है।
रूस के नोवोरोस्सिय्स्क शहर में भी यूक्रेनी ड्रोन का मलबा गिरने से नुकसान हुआ। स्थानीय मेयर एंड्री क्रावचेंको के मुताबिक, मलबे की चपेट में दो कंपनियां और एक निजी घर आए। गिरते मलबे से एक व्यक्ति घायल हुआ, जबकि दो निजी घरों को नुकसान पहुंचा और एक अपार्टमेंट ब्लॉक की खिड़की टूट गई।
रूस और यूक्रेन के बीच लगातार बढ़ रहे ड्रोन और मिसाइल हमलों से एक बार फिर नागरिक इलाकों में नुकसान बढ़ रहा है। दोनों देशों की ओर से जारी जवाबी हमलों के बीच युद्ध को लेकर तनाव और गहराता जा रहा है।
