onwin giriş
Home देश

देशभर में मानसून का कहर: कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, IMD ने जारी किया भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। देशभर में मानसून की तेज बारिश अब आफत बनती जा रही है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश और हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़, जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां पैदा हो गई हैं। कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जबकि तेज बहाव के कारण लोगों और वाहनों के बहने की घटनाएं भी सामने आई हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि लोग उसमें बहते दिखाई दिए। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में दो लोग तेज धारा में बहते नजर आए, जबकि सड़क किनारे खड़ा एक रिक्शा भी पानी के तेज बहाव में बह गया। कई शहरों में घुटनों तक पानी भर गया है और सड़कें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं।

महाराष्ट्र के भिवंडी में लगातार बारिश से कई इलाकों में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया। रत्नागिरी जिले के नेवली घाट में मुंबई-गोवा हाईवे पर भूस्खलन होने से सड़क पर मलबा आ गया और यातायात रोकना पड़ा। मौसम विभाग ने इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।

पालघर जिले में मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। वहीं मुंबई के गांधी मार्केट और नवी मुंबई के कई इलाकों में भी सड़कें पानी में डूब गईं। नवी मुंबई में बारिश के दौरान एक ओवरलोड ट्रक पलटने से यातायात प्रभावित हुआ।

गुजरात के जामनगर जिले के जामजोधपुर में तेज बहाव के बीच एक रिक्शा पानी में बह गया। इसी दौरान दो लोग भी तेज धारा में बहते दिखाई दिए। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। भारी बारिश के कारण नदियों और नहरों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है।

सूरत में मानसून की पहली ही बारिश ने नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी। शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया, जबकि कई स्थानों पर सड़कें धंसने से वाहन फंस गए और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के बेलखेड़ा थाना क्षेत्र में एक बोलेरो वाहन नाला पार करते समय तेज बहाव में बह गया। वाहन में चार लोग सवार थे। राहत एवं बचाव दल ने तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन चालक की डूबने से मौत हो गई। प्रशासन के अनुसार चालक ने नाले के ऊपर बह रहे पानी के बहाव का गलत आकलन कर वाहन उतार दिया था।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में खराब मौसम के बीच सीमा सड़क संगठन (BRO) के जवानों ने एक मरीज का सफल रेस्क्यू किया। लाहौल घाटी में क्रेन की मदद से मरीज को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों, उफनते नालों और नदियों से दूर रहें तथा आवश्यक होने पर ही यात्रा करें। लगातार बारिश को देखते हुए विभिन्न राज्यों में राहत एवं बचाव दलों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.