Turkish Airlines की इस्तांबुल से काठमांडू जा रही फ्लाइट सोमवार तड़के Tribhuvan International Airport पर लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गई। विमान के दाहिने लैंडिंग गियर के टायरों में अचानक आग लग गई।
कॉल साइन TK726 वाली इस फ्लाइट में 278 यात्री और 11 क्रू सदस्य सवार थे। अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यात्रियों में संयुक्त राष्ट्र के कुछ अधिकारी भी शामिल बताए गए हैं।
एयरपोर्ट सुरक्षा के एसपी Rajkumar Silawal ने बताया कि फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर तुरंत काबू पा लिया गया। इसके बाद यात्रियों को इमरजेंसी दरवाजों के जरिए सुरक्षित निकाला गया।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में विमान के दाहिने हिस्से से धुआं उठता दिखाई दिया। हालांकि, हादसे के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और एयरपोर्ट अथॉरिटी या एयरलाइन की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गौरतलब है कि Turkish Airlines के साथ इससे पहले भी काठमांडू एयरपोर्ट पर हादसा हो चुका है। साल 2015 में एयरलाइन का एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलकर घास वाले हिस्से में चला गया था, जिसके चलते एयरपोर्ट चार दिनों तक बंद रहा था।

