Narendra Modi अपने पांच देशों के दौरे के अंतिम चरण में मंगलवार को Italy पहुंचे, जहां इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। रोम पहुंचने पर मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “Welcome to Rome, my friend!”
मेलोनी ने इस मौके पर कोलोसियम में पीएम मोदी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर भी साझा की, जो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही।
रोम पहुंचने पर Narendra Modi का भारतीय समुदाय ने जोरदार स्वागत किया। पीएम मोदी ने होटल में मौजूद भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात की और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने एक छोटे बच्चे को ऑटोग्राफ भी दिया, जिसने उनकी तस्वीर लेकर स्वागत किया था।
प्रधानमंत्री से मिलने वालों में स्वामिनी शुद्धानंद गिरी भी शामिल थीं। उन्होंने बताया कि यह 2021 के बाद दूसरी बार है जब उनकी पीएम मोदी से मुलाकात हुई है। उन्होंने दावा किया कि इटली की संसद ने सनातन धर्म संघ को आधिकारिक धर्म के रूप में मान्यता दी है।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी लगातार भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक मिशनों को समर्थन देते रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने वाराणसी के घाटों को दर्शाती एक खास पेंटिंग भी देखी, जिसे एक इटैलियन कलाकार ने भारतीय संस्कृति से प्रेरित होकर बनाया था। कलाकार ने बताया कि यह पेंटिंग भारत और इटली की सांस्कृतिक भावनाओं को जोड़ने का प्रयास है।
कलाकार के मुताबिक पीएम मोदी ने उनसे बातचीत की और पूछा कि पेंटिंग बनाने में कितना समय लगा। उन्होंने कहा कि भारत और उसकी संस्कृति से उन्हें विशेष लगाव है।
प्रधानमंत्री के स्वागत में कलाकारों ने राग हंसध्वनि पर आधारित पारंपरिक संगीत प्रस्तुति दी। कलाकारों ने कहा कि वे यूरोप में भारतीय कला और संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित महसूस कर रहे हैं।
India और Italy के बीच पिछले कुछ वर्षों में संबंध लगातार मजबूत हुए हैं। दोनों देश संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029 के तहत व्यापार, निवेश, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, विज्ञान-तकनीक और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ा रहे हैं।
दोनों देशों के बीच व्यापार 2025 में 16.77 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है, जबकि अप्रैल 2000 से सितंबर 2025 तक इटली से भारत में कुल 3.66 बिलियन डॉलर का प्रत्यक्ष विदेशी निवेश दर्ज किया गया है।

