onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

हेगसेथ को मर्यादा याद दिलाने वाले अमेरिकी सैनिक को मिला बड़ा सम्मान, रक्षा मंत्री ने खुद पहनाया मेडल

अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने उस सैनिक को सैन्य सम्मान से नवाजा है, जिसने वेटरन्स डे के कार्यक्रम के बाद उन्हें और उनके सहयोगियों को अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई थी। अर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री स्थित ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ पर हुई इस घटना के बाद सैनिक थॉमस इग्लेसियास को जॉइंट सर्विस कमेंडेशन मेडल से सम्मानित किया गया। खास बात यह रही कि हेगसेथ ने खुद सैनिक की वर्दी पर मेडल लगाया और उससे हाथ मिलाया।

पेंटागन के मुताबिक, रक्षा मंत्री ने समाधि की सुरक्षा में तैनात अमेरिकी सेना की टुकड़ी को पेंटागन आमंत्रित किया था। इसी दौरान स्पेशलिस्ट थॉमस इग्लेसियास को 11 नवंबर 2026 को अपनी ड्यूटी के दौरान अनुशासन और कर्तव्य निभाने के लिए यह सम्मान दिया गया। हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर सम्मान समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए सैनिक की तारीफ की।

क्या थी पूरा मामला?

दरअसल, वेटरन्स डे के अवसर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की मौजूदगी में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के बाद रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ अपनी पत्नी और सहयोगियों के साथ अज्ञात सैनिकों की समाधि के सामने तस्वीरें खिंचवाने पहुंचे थे।

तस्वीरें खिंचवाने के दौरान वहां जोर से हंसने की आवाज सुनाई दी। इस पर समाधि की सुरक्षा में तैनात सैनिक थॉमस इग्लेसियास ने हेगसेथ और उनके साथ मौजूद अधिकारियों को वहां की गंभीरता और मर्यादा बनाए रखने की याद दिलाई। सैनिक ने स्पष्ट किया कि यह स्थान बेहद सम्मानित है और यहां अनुशासन बनाए रखना जरूरी है।

हेगसेथ ने खुद पहनाया मेडल

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद सैनिक की काफी चर्चा हुई। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता सीन पार्नेल ने भी सैनिक का समर्थन किया था। इसके बाद रक्षा मंत्री ने थॉमस इग्लेसियास को सम्मानित किया। हेगसेथ ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि वे सैनिकों से प्यार करते हैं और अनुशासन व मानकों का सम्मान करते हैं।

अमेरिका में बेहद खास है यह समाधि

अर्लिंगटन नेशनल सेमेट्री में स्थित ‘टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर’ अमेरिका के सबसे सम्मानित युद्ध स्मारकों में शामिल है। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध में शहीद हुए उन सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी।

इस स्मारक की सुरक्षा अमेरिकी सेना की थर्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट करती है, जिसे ‘द ओल्ड गार्ड’ के नाम से जाना जाता है। यहां तैनात सैनिक हर मौसम में पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं।

थॉमस इग्लेसियास को मिला यह सम्मान एक बार फिर दिखाता है कि अमेरिकी सैन्य परंपरा में अनुशासन, कर्तव्य और शहीद सैनिकों के सम्मान को कितनी अहमियत दी जाती है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.