
दुबई। बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर अपने खास अंदाज से फैंस का दिल जीत रहे हैं। दुबई में आयोजित एक स्टार-स्टडेड इवेंट में किंग खान अपनी पत्नी गौरी खान के साथ पहुंचे, जहां उन्होंने अचानक अपनी आने वाली फिल्म ‘किंग’ के रोमांटिक गाने ‘तू मिल जाए’ पर डांस करना शुरू कर दिया। शाहरुख के इस डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में अभिनेता अपने सिग्नेचर अंदाज में डांस करते और बांहें फैलाकर अपना मशहूर पोज देते नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम 11 नवंबर की रात आयोजित हुआ था। इस दौरान फिल्ममेकर करण जौहर भी मौजूद थे। शाहरुख खान ने कार्यक्रम में अपनी फिल्मों के कुछ लोकप्रिय डायलॉग सुनाए और अपने चिर-परिचित अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन किया। हालांकि, सबसे ज्यादा चर्चा उनके ‘तू मिल जाए’ गाने पर किए गए डांस की हो रही है।
‘तू मिल जाए’ पर थिरके किंग खान
शाहरुख खान की आगामी फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ उनके जन्मदिन यानी 2 नवंबर को रिलीज किया गया था। इस रोमांटिक गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की जोड़ी नजर आ रही है।
दुबई के कार्यक्रम में इसी गाने पर शाहरुख खान को डांस करते देखकर वहां मौजूद लोग उत्साहित हो गए। सोशल मीडिया पर भी फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। अभिनेता का सिग्नेचर ओपन-आर्म्स पोज भी वीडियो का खास आकर्षण बना हुआ है।
ऑल-ब्लैक लुक में दिखे शाहरुख खान
इस इवेंट में शाहरुख खान अपने स्टाइलिश अंदाज में नजर आए। उन्होंने ऑल-ब्लैक आउटफिट पहना था। उनका ब्लैक ब्लेजर एम्बेलिश्ड कॉलर और स्लीव्स के साथ काफी आकर्षक दिखाई दिया। इसके साथ उन्होंने मैचिंग ट्राउजर पहना था।
सनग्लासेस, इयररिंग और उनके सिग्नेचर साल्ट-एंड-पेपर लुक ने उनके स्टाइल को खास बना दिया। सोशल मीडिया पर फैंस उनके ड्रेसिंग सेंस और फिटनेस की भी तारीफ कर रहे हैं।
कब रिलीज होगी शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’?
शाहरुख खान जल्द ही फिल्म ‘किंग’ के जरिए बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस एक्शन थ्रिलर फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।
इस फिल्म की खास बात यह है कि शाहरुख खान पहली बार अपनी बेटी सुहाना खान के साथ बड़े पर्दे पर नजर आएंगे। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर, जयदीप अहलावत और राघव जुयाल जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिल्म ‘किंग’ की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 तय की गई है। ऐसे में शाहरुख खान के फैंस को उनकी इस नई फिल्म का बेसब्री से इंतजार है।

