onwin giriş
Home देश

वोटों की गिनती में लाखों वोट गायब होने के दावे भ्रामक, चुनाव आयोग ने जारी किए आधिकारिक आंकड़े; महाराष्ट्र से श्रीनगर तक दी सफाई

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 और विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनावों में डाले गए वोटों और गिने गए वोटों के बीच बड़े अंतर को लेकर सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों पर चुनाव आयोग ने सफाई दी है। आयोग ने इन दावों को भ्रामक बताते हुए कहा है कि कई मामलों में कुल पंजीकृत मतदाताओं की संख्या को ही डाले गए वोटों की संख्या मान लिया गया। इसके अलावा आधिकारिक आंकड़ों की गलत व्याख्या करके वोटों की गिनती में बड़े अंतर का दावा किया गया।

चुनाव आयोग ने इन दावों का जवाब देने के लिए अपने आधिकारिक इंडेक्स कार्ड और सांख्यिकीय रिपोर्ट के आंकड़े सार्वजनिक किए हैं। सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में लाखों वोटों की गिनती नहीं होने के दावे किए जा रहे थे। आयोग ने स्पष्ट किया कि संबंधित सीटों पर मतदान किए गए वोटों की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की गई है।

मुंबई नॉर्थ में 7.78 लाख वोट गायब होने का दावा गलत

महाराष्ट्र की मुंबई नॉर्थ लोकसभा सीट को लेकर सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि यहां 18.11 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 10.33 लाख वोटों की गिनती हुई। इस आधार पर 7.78 लाख वोट गायब होने का आरोप लगाया गया था।

चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मुंबई नॉर्थ में कुल 18,12,115 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 10,36,496 मतदाताओं ने मतदान किया था। इसमें 10,33,268 ईवीएम वोट और 3,228 पोस्टल बैलेट शामिल थे।

आयोग के मुताबिक, 765 टेस्ट वोट और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अन्य कटौतियों के बाद 10,35,731 वोटों की गिनती हुई। इस सीट पर मतदान प्रतिशत 57.20 रहा। आयोग ने बताया कि करीब 7.75 लाख का अंतर उन लोगों का था, जिन्होंने मतदान नहीं किया था। इसलिए इसे बिना गिने गए वोटों के रूप में पेश करना गलत है।

श्रीनगर सीट पर अतिरिक्त वोट गिनने का आरोप भी खारिज

जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर लोकसभा सीट को लेकर भी सोशल मीडिया पर दावा किया गया था कि यहां 6,66,046 वोट डाले गए, जबकि 6,72,942 वोटों की गिनती हुई। इस तरह 6,896 अतिरिक्त वोट गिने जाने का आरोप लगाया गया था।

चुनाव आयोग के अनुसार, श्रीनगर में कुल 17,48,803 पंजीकृत मतदाता थे। यहां 6,76,408 वोट डाले गए, जिनमें 6,72,942 ईवीएम वोट और 3,466 पोस्टल बैलेट शामिल थे।

आयोग ने बताया कि 1,009 टेस्ट वोट और अन्य निर्धारित कटौतियों के बाद कुल 6,75,399 वोटों की गिनती हुई। यहां मतदान प्रतिशत 38.68 रहा। आयोग के मुताबिक, अतिरिक्त वोटों की गिनती किए जाने का दावा सही नहीं है।

बीड में 1.45 लाख वोट गायब होने का दावा भ्रामक

महाराष्ट्र की बीड विधानसभा सीट को लेकर भी सोशल मीडिया पर बड़ा दावा किया गया था। पोस्ट में कहा गया था कि यहां 3.84 लाख वोट डाले गए, लेकिन केवल 2.39 लाख वोटों की गिनती हुई। इसके आधार पर करीब 1.45 लाख वोट गायब होने का आरोप लगाया गया।

हालांकि, आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, बीड विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,84,885 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 2,42,983 मतदाताओं ने मतदान किया था। इसमें 2,38,845 ईवीएम वोट और 4,138 पोस्टल बैलेट शामिल थे।

आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कुल 2,42,983 वोटों की गिनती हुई थी। यहां मतदान प्रतिशत 63.13 रहा। आयोग ने स्पष्ट किया कि करीब 1.42 लाख का अंतर उन मतदाताओं का था, जिन्होंने वोट नहीं डाला।

दहाणु विधानसभा सीट पर भी पूरी हुई वोटों की गिनती

महाराष्ट्र की दहाणु विधानसभा सीट को लेकर दावा किया गया था कि यहां 3.01 लाख वोट डाले गए, जबकि केवल 2.21 लाख वोटों की गिनती हुई।

चुनाव आयोग के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, दहाणु में कुल 3,01,257 पंजीकृत मतदाता थे। इनमें से 2,21,818 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया और सभी डाले गए वोटों की गिनती की गई। इस सीट पर मतदान प्रतिशत 73.63 रहा।

आयोग ने बताया कि करीब 79 हजार का अंतर उन मतदाताओं का था, जिन्होंने मतदान नहीं किया था।

वोटर लिस्ट से छूटे लोगों को मिलेगा एक और मौका

इस बीच चुनाव आयोग ने सात राज्यों में उन मतदाताओं को एक और अवसर देने की बात कही है, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। आयोग का उद्देश्य पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल होने का मौका देना है।

कुल मिलाकर चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वोटों की गिनती में बड़े अंतर के दावों को गलत आंकड़ों और उनकी गलत व्याख्या पर आधारित बताया है। आयोग का कहना है कि पंजीकृत मतदाताओं की संख्या और वास्तव में मतदान करने वालों की संख्या अलग-अलग होती है। ऐसे में दोनों आंकड़ों की तुलना करके वोट गायब होने का दावा करना तथ्यात्मक रूप से सही नहीं है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.