onwin giriş
Home Other उत्तराखंड

चौकी में घुस किशोर ने सिपाही का फोड़ा सिर, हाथ में पहने कड़े से किया हमला; सात टांके लगे

पटेलनगर कोतवाली की बाजार चौकी में घुस एक किशोर ने वहां तैनात सिपाही का सिर फोड़ दिया। बताया जा रहा है कि किशोर हवालात में बंद अपने पिता को मोबाइल फोन पकड़ा रहा था। जब सिपाही ने उसे रोका तो किशोर ने पीछे से आकर हमला कर दिया। पुलिस ने किशोर को पकड़ लिया।

चौकी इंचार्ज प्रमोद शाह ने बताया कि क्षेत्र के एक व्यक्ति का अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। जिसको लेकर शनिवार को दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हो गया था। सूचना पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और दोनों भाइयों को समझाने का प्रयास किया। इनमें एक भाई पुलिस से उलझने लगा तो पुलिस कर्मी उसे अपने साथ चौकी ले आए और शांतिभंग में उसे हवालात में बंद कर दिया।

दोपहर के समय उसका नाबालिग बेटा चौकी पहुंचा और हवालात में बंद अपने पिता को फोन देने लगा। इस दौरान सिपाही प्रवीण कुमार ने उसे वहां से हटाया और मोबाइल न देने को कहा। कुछ ही देर बाद किशोर ने पीछे से आकर सिपाही के सिर पर हाथ में पहने लोहे के कड़े से वार कर दिया। सिपाही ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने दोबारा सिर पर हमला कर दिया।

इससे सिपाही के माथे व चेहरे पर गहरी चोट आई। सिपाही ने किसी तरह किशोर को पकड़ लिया। थोड़ी ही देर में सिपाही को चक्कर आने लगे तो वह नीचे गिर गया। सिपाही को कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसके सिर पर सात टांके और चेहरे पर काफी चोट आई। इस मामले में सिपाही प्रवीण कुमार की तहरीर पर आरोपित किशोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.