onwin giriş
Home उत्तराखंड

हरेला पर्व पर सीएम धामी ने किया पौधरोपण, मालाग्राम स्थित हर्बल पार्क का किया भ्रमण

हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर विकासखंड स्थित मालाग्राम में आयोजित सघन पौधरोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण भी किया। उन्होंने यहां संरक्षित दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली। साथ ही परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और वैज्ञानिक शोध समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में किए जा रहे प्रयास पर्यावरण संरक्षण को मजबूती देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन, आयुर्वेद आधारित अनुसंधान, हर्बल पर्यटन और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा करेंगे।

उन्होंने बताया कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों तथा औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा पद्धति और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर उभर रहा है।

कार्यक्रम में पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.