अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण को कंधे की सफल सर्जरी के बाद अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर पवन कल्याण की सेहत की जानकारी दी और डॉक्टरों व अस्पताल के स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
अन्ना कोनिडेला ने अस्पताल से तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उनके पति की सर्जरी सफल रही और अस्पताल की पूरी मेडिकल टीम ने बेहद पेशेवर तरीके से उनका इलाज किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की देखभाल से पूरे परिवार को मानसिक सुकून मिला और उन्हें भरोसा था कि पवन कल्याण सुरक्षित हाथों में हैं।
पवन कल्याण को दाहिने कंधे में पुरानी चोट के कारण मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 11 जुलाई को उनके कंधे की रोटेटर कफ इंजरी की सफल सर्जरी की गई। इससे पहले भी उन्हें साइनस संक्रमण के कारण इलाज कराना पड़ा था, जो बाद में आंख तक पहुंच गया था।
सर्जरी के दौरान आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी अस्पताल पहुंचे थे और पवन कल्याण से मुलाकात कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
फिल्मी करियर की बात करें तो पवन कल्याण हाल ही में तेलुगु फिल्म ‘उस्ताद भगत सिंह’ में नजर आए थे, जिसमें श्रीलीला और राशी खन्ना भी अहम भूमिकाओं में थीं। हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी। यह फिल्म अब नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है।
आने वाले समय में पवन कल्याण निर्देशक सुजीत की फिल्म ‘OG 2’ में नजर आएंगे, जिसका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
