onwin giriş
Home देश

तमिलनाडु की जेल से 17 कैदी फरार, गार्ड पर हमला कर हुए गायब; 4 गिरफ्तार, 16 जगहों पर चेकिंग

तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल से 17 कैदियों के फरार होने की घटना से पुलिस और जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, कैदियों ने जेल के एक गार्ड पर हमला किया और इसके बाद वहां से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस ने अब तक फरार कैदियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है। उनकी संभावित आवाजाही को देखते हुए कई इलाकों में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है।

दौरे पड़ने का नाटक कर गार्ड पर किया हमला

पुलिस के अनुसार, कुछ कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया। जब जेल कर्मचारी उनकी मदद के लिए पास पहुंचे, तो कैदियों ने उन पर हमला कर दिया और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान शुरू किया। वरिष्ठ पुलिस और जेल अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है।

17 विशेष टीमें तलाश में जुटीं, 16 जगहों पर चेक पोस्ट

घटना की गंभीरता को देखते हुए थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक के.एस. प्रवीण गौतम ने जेल का निरीक्षण किया। कंदमनूर पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष पुलिस टीमें बनाई गई हैं।

इसके अलावा, पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इन रास्तों से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि फरार कैदियों की आवाजाही का पता लगाया जा सके। पुलिस आसपास के इलाकों में भी लगातार तलाशी अभियान चला रही है।

गृह नगर लौटने की आशंका, पड़ोसी जिलों में बढ़ाई निगरानी

पुलिस को आशंका है कि फरार हुए कुछ कैदी अपने गृह नगर लौटने की कोशिश कर सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए पड़ोसी जिलों में निगरानी बढ़ा दी गई है। खासकर उन रास्तों पर ध्यान दिया जा रहा है, जहां से कैदियों के गुजरने की आशंका है। पुलिस टीमें संदिग्ध वाहनों की जांच करने के साथ ही कैदियों के संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही हैं।

फरार कैदियों के नाम आए सामने

जेल से फरार हुए कैदियों की पहचान लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेंजीसुंदरम, सबरी, पोन मुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरुण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन के रूप में बताई गई है। पुलिस इन सभी की तलाश में जुटी है।

पुलिस अधिकारियों ने क्या बताया?

साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान फरार कैदियों में से एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने कहा कि कैदियों के फरार होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। एहतियात के तौर पर डिंडीगुल जिले में 16 जगहों पर चेक पॉइंट बनाए गए हैं।

फिलहाल, पुलिस और जेल प्रशासन घटना के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कैदी किस तरह सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर फरार हुए। पुलिस का तलाशी अभियान जारी है और शेष फरार कैदियों को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.