onwin giriş
Home उत्तराखंड पर्यटन

श्री हेमकुंड साहिब यात्रा: श्रद्धालु अनुशासन, सद्भाव और धार्मिक मर्यादा का रखें विशेष ध्यान – गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट, गोविंदघाट के प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने पवित्र श्री हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से आपसी सद्भाव, अनुशासन और शांति बनाए रखने की अपील की है। ट्रस्ट ने कहा है कि श्रद्धालु यात्रा की धार्मिक गरिमा एवं मर्यादा का सम्मान करते हुए श्रद्धा और आस्था के साथ अपनी यात्रा संपन्न करें।

ट्रस्ट द्वारा जारी अपील में बताया गया कि 23 मई से प्रारंभ हुई श्री हेमकुंड साहिब यात्रा में अब तक हजारों श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन जारी है। ऐसे में सभी यात्रियों का दायित्व है कि वे धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें और ऐसा कोई कार्य न करें जिससे यात्रा की पवित्रता एवं गरिमा प्रभावित हो।

वाद-विवाद और विवादित गतिविधियों से बचने की अपील

प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार के वाद-विवाद, तनावपूर्ण स्थिति या विवादित गतिविधियों से दूर रहना चाहिए। उन्होंने श्रद्धालुओं से कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने के लिए प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।

शस्त्रों के प्रदर्शन और दुरुपयोग से बचने का संदेश

ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि सिख धर्म में शस्त्रों का महत्व धर्म, न्याय और मानवता की रक्षा के लिए है, न कि उनके अनावश्यक प्रदर्शन या दुरुपयोग के लिए। इसलिए श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान अनावश्यक रूप से शस्त्र साथ न लाने की अपील की गई है। विशेष रूप से छोटे बच्चों को किसी भी प्रकार के शस्त्र साथ न रखने की सलाह दी गई है।

देवभूमि की गरिमा बनाए रखने का आह्वान

ट्रस्ट ने कहा कि उत्तराखंड अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत के कारण देश-दुनिया में देवभूमि के रूप में प्रसिद्ध है। यहां स्थित श्री बद्रीनाथ धाम, श्री केदारनाथ धाम, मां गंगोत्री, मां यमुनोत्री तथा श्री हेमकुंड साहिब जैसे पवित्र तीर्थस्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। ऐसे में सभी यात्रियों का दायित्व है कि वे राज्य की शांति, धार्मिक सौहार्द और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने में सहयोग करें।

किसी भी समस्या पर प्रशासन से करें संपर्क

ट्रस्ट ने बताया कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। यदि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की समस्या, विवाद या असुविधा उत्पन्न होती है तो श्रद्धालु कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय संबंधित अधिकारियों एवं प्रशासन से संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।

गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यात्रा को श्रद्धा, संयम, अनुशासन और भाईचारे की भावना के साथ संपन्न करें तथा देवभूमि उत्तराखंड की गरिमा और पवित्रता बनाए रखने में अपना योगदान दें।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.