उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर कोर कमेटियों का गठन कर दिया है। केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर गठित इन कमेटियों की बैठकों का दौर भी शुरू हो गया है, जिनमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और चुनावी रणनीति को धार देने पर मंथन किया जा रहा है।
चुनावी रणनीति में निभाएंगी अहम भूमिका
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में गठित कोर कमेटी में सांसद, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, महापौर, नगर पालिका अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, सरकार में दायित्वधारी, जिला अध्यक्ष तथा संबंधित विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल अध्यक्षों को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और संगठनात्मक आवश्यकताओं के अनुसार विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में कमेटियों के सदस्यों की संख्या अलग-अलग हो सकती है।
बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर
मनवीर चौहान के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव तक पार्टी के सभी संगठनात्मक कार्यक्रमों, जनसंपर्क अभियानों और जमीनी स्तर की चुनावी रणनीति के संचालन में ये कोर कमेटियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इनके माध्यम से शीर्ष नेतृत्व और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
सभी विधानसभा क्षेत्रों में शुरू हुईं बैठकें
भाजपा के प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि कोर कमेटियों का गठन संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर गठित कोर कमेटियों की बैठकें प्रारंभ हो चुकी हैं। इन बैठकों में स्थानीय मुद्दों की पहचान, बूथ प्रबंधन की रणनीति और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष चर्चा की जा रही है।
संगठन विस्तार पर रहेगा फोकस
पार्टी का मानना है कि विधानसभा स्तर पर गठित ये कोर कमेटियां संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने के साथ-साथ चुनावी तैयारियों को समय रहते मजबूत आधार प्रदान करेंगी। भाजपा आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क और संगठन विस्तार के कार्यक्रमों को और गति देने की तैयारी में जुटी हुई है।
