onwin giriş
Home उत्तराखंड

डेंगू नियंत्रण के लिए नगर निगम देहरादून का विशेष अभियान शुरू, 15 लार्वीसाइडल टैंकर किए रवाना

देहरादून। मानसून सीजन और आगामी समय में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए नगर निगम देहरादून ने डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए विशेष अभियान की शुरुआत कर दी है। नगर निगम परिसर से डेंगू रोकथाम हेतु लार्वीसाइडल टैंकर अभियान का औपचारिक शुभारंभ महापौर सौरभ थपलियाल और नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया।

डेंगू फैलाने वाले मच्छरों के लार्वा को शुरुआती अवस्था में ही नष्ट करने और शहर में डेंगू संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अभियान के प्रथम चरण में लगभग 15 लार्वीसाइडल टैंकरों को विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

नगर निगम के अनुसार ये टैंकर शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, जलभराव वाले स्थानों, नालों, खाली भूखंडों, निर्माणाधीन स्थलों, सार्वजनिक परिसरों तथा अन्य संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों पर नियमित रूप से लार्वीसाइडल छिड़काव और उपचारात्मक कार्यवाही करेंगे।

नगर निगम प्रशासन इस अभियान को व्यापक जनस्वास्थ्य पहल के रूप में संचालित कर रहा है। इसके तहत लार्वीसाइडल छिड़काव के साथ-साथ जनजागरूकता कार्यक्रम, क्षेत्रीय निरीक्षण, स्रोत नियंत्रण तथा स्वच्छता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि डेंगू के प्रसार को प्रभावी ढंग से रोका जा सके।

महापौर सौरभ थपलियाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू की रोकथाम में जनसहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने देने तथा स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया।

वहीं नगर आयुक्त आलोक कुमार पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम डेंगू नियंत्रण के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है और निवारक उपायों को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए लगातार कार्य किया जाएगा।

नगर निगम का लक्ष्य समय रहते डेंगू के खतरे को नियंत्रित कर शहरवासियों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.