देहरादून। उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा विभाग में अब शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के अवकाश की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन की जाएगी। इससे उन्हें छुट्टी के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी व समयबद्ध होगी।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा दे रही है। इसी दिशा में विद्या समीक्षा केन्द्र के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जल्द ही ऑनलाइन अवकाश प्रबंधन मॉड्यूल जोड़ा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नए सिस्टम के जरिए शिक्षक और अन्य कार्मिक कहीं से भी और कभी भी ऑनलाइन अवकाश के लिए आवेदन कर सकेंगे। अवकाश स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया भी डिजिटल माध्यम से ही पूरी की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
मंत्री ने कहा कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद शिक्षकों को अधिकारियों के पास जाकर आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी और एक क्लिक पर छुट्टी स्वीकृत हो सकेगी। साथ ही अवकाश से जुड़े सभी रिकॉर्ड सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेंगे, जिससे भविष्य में प्रशासनिक कार्यों में आसानी होगी।
नई प्रणाली के तहत शिक्षक आकस्मिक अवकाश, ऐच्छिक अवकाश, अर्जित अवकाश, चिकित्सा अवकाश, मातृत्व अवकाश और बाल देखभाल अवकाश जैसे विभिन्न प्रकार के अवकाश ऑनलाइन ले सकेंगे।
धन सिंह रावत ने बताया कि इस प्रणाली को जल्द लागू करने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग के अन्य प्रशासनिक कार्यों को भी चरणबद्ध तरीके से ऑनलाइन किया जाएगा, जिससे शिक्षा विभाग पूरी तरह ई-गवर्नेंस आधारित प्रणाली की ओर आगे बढ़ सके।

