onwin giriş
Home उत्तराखंड

उत्तराखंड के चंपावत में चार गुलदारों की मौजूदगी से दहशत, ग्रामीणों ने सुरक्षा की मांग की

उत्तराखंड में वन्यजीवों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला चंपावत जिले के बाराकोट ब्लॉक का है, जहां एक साथ चार गुलदार (तेंदुए) दिखाई देने से इलाके में डर का माहौल बन गया है।

डोबाभागू-अतखंडी सड़क मार्ग पर इन गुलदारों को एक साथ घूमते हुए देखा गया। स्थानीय युवाओं द्वारा बनाया गया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। पहले भी इस क्षेत्र में गुलदार के हमलों की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे लोगों की चिंता स्वाभाविक है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तड़ीगांव क्षेत्र में चार गुलदारों को एक साथ चहल-कदमी करते देखा गया, जबकि दो अन्य गुलदारों की मौजूदगी की भी सूचना है। इतनी बड़ी संख्या में गुलदारों का एक ही इलाके में होना ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निर्मल कुमार और दीपक तिवारी ने बताया कि सड़क पर खुलेआम घूमते गुलदारों से खासतौर पर स्कूली बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में हालात ऐसे हो गए हैं जैसे कोई चिड़ियाघर हो।

ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन से तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी करने और आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू करने की अपील की है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को रोका जा सके।

फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है, जबकि स्थानीय लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.