केदारनाथ। केदारनाथ धाम में ड्यूटी के दौरान उत्तराखंड पुलिस के जवान आरक्षी दिगम्बर सिंह (31वीं वाहिनी पीएसी) ने अपनी सतर्कता, संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए एक बिछड़ी हुई मासूम बच्ची को सकुशल उसकी मां से मिलाया।
जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में ड्यूटी के दौरान आरक्षी दिगम्बर सिंह को एक महिला अत्यंत परेशान और व्याकुल अवस्था में मिली। पूछताछ करने पर महिला ने बताया कि वह मध्य प्रदेश से केदारनाथ यात्रा पर आई हैं और उनकी तीन वर्षीय पुत्री भीड़ में कहीं बिछड़ गई है।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए आरक्षी दिगम्बर सिंह ने बिना समय गंवाए आसपास के क्षेत्र में बच्ची की तलाश शुरू कर दी। उन्होंने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन खोजबीन की। कड़ी मशक्कत और सतर्क प्रयासों के बाद मासूम बच्ची को शंकराचार्य मंदिर के निकट सकुशल ढूंढ लिया गया।
बाद में बच्ची को उसकी माता के सुपुर्द कर दिया गया। अपनी खोई हुई बेटी को सुरक्षित वापस पाकर मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने उत्तराखंड पुलिस तथा विशेष रूप से आरक्षी दिगम्बर सिंह का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।
यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि उत्तराखंड पुलिस न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में बल्कि तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सहायता के लिए भी पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कार्य कर रही है। केदारनाथ यात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों की तत्परता और मानवीय संवेदनाएं श्रद्धालुओं के लिए भरोसे का बड़ा आधार बन रही हैं।
