टिहरी में चारधाम यात्रियों से भरी बस पलटी, ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा, सभी यात्री सुरक्षित
टिहरी गढ़वाल। ऋषिकेश-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह चारधाम यात्रियों से भरी एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा बस के ब्रेक फेल होने के कारण हुआ। बस में कुल 39 चारधाम यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बस संख्या UK04 PA 0418 चारधाम यात्रा से लौटते हुए ऋषिकेश की ओर आ रही थी। सुबह लगभग 8:30 बजे बस तोताघाटी के पास पहुंची ही थी कि अचानक उसके ब्रेक फेल हो गए। चालक ने बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन नियंत्रण खोने के कारण बस सड़क पर ही पलट गई।
गनीमत रही कि बस सड़क से नीचे गहरी खाई में नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
एसडीआरएफ ने चलाया तत्काल रेस्क्यू अभियान
एसडीआरएफ के अनुसार, दुर्घटना की सूचना डीसीआर टिहरी के माध्यम से प्राप्त होते ही निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में पोस्ट ढालवाला और ब्यासी से रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य आपातकालीन एजेंसियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
3 से 4 यात्री घायल
एसडीआरएफ अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना में 3 से 4 यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से ऋषिकेश अस्पताल भेजा गया है।
अधिकारियों ने बताया कि शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है।
समय रहते टला बड़ा हादसा
तोताघाटी क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग का संवेदनशील हिस्सा माना जाता है। बस के सड़क पर ही पलट जाने और खाई में न गिरने से एक बड़ी जनहानि टल गई। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
चारधाम यात्रा के दौरान इस घटना ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर वाहन संचालन में सतर्कता और नियमित तकनीकी जांच की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
