Myanmar में 11,000 कैरेट का एक विशाल रूबी (माणिक) मिलने से दुनियाभर में चर्चा तेज हो गई है। इस दुर्लभ रत्न का वजन करीब 2.2 किलोग्राम बताया जा रहा है और इसे म्यांमार में अब तक मिले सबसे बड़े रूबी में से एक माना जा रहा है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, यह विशाल रूबी मंडाले क्षेत्र के प्रसिद्ध Mogok इलाके की एक रत्न खदान में मिला है। मोगोक क्षेत्र दुनिया भर में उच्च गुणवत्ता वाले रूबी के लिए मशहूर माना जाता है।
सरकारी अखबार “Global New Light of Myanmar” के पहले पन्ने पर Min Aung Hlaing की तस्वीर प्रकाशित हुई, जिसमें वह अपने कार्यालय में इस विशाल पत्थर की जांच करते नजर आए।
सरकारी मीडिया के मुताबिक, सैन्य समर्थित सरकार ने इसे बेहद दुर्लभ, विशाल और उच्च गुणवत्ता वाला रूबी बताया है।
सरकारी बयान में कहा गया कि इस रूबी का रंग बैंगनी-लाल है, जिसमें हल्के पीले रंग की झलक भी दिखाई देती है। विशेषज्ञों के अनुसार, किसी रूबी का रंग और उसकी चमक उसकी कीमत तय करने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
हालांकि सरकार ने इसकी सटीक कीमत सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि इसकी कीमत करोड़ों डॉलर तक पहुंच सकती है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि मशहूर Koh-i-Noor हीरे का वर्तमान वजन लगभग 105 कैरेट है, जबकि मूल रूप में उसका वजन करीब 793 कैरेट था।
उस तुलना में म्यांमार में मिला यह रूबी आकार में कई गुना बड़ा माना जा रहा है। हालांकि दोनों अलग-अलग प्रकार के रत्न हैं, इसलिए उनकी सीधी तुलना मूल्य के आधार पर नहीं की जाती।
म्यांमार सरकार के अनुसार, यह पत्थर 1996 में मोगोक क्षेत्र में मिले 21,450 कैरेट के रूबी से आकार में छोटा है।
लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि हाल ही में मिला यह रूबी अपने बेहतर रंग, चमक और गुणवत्ता के कारण अधिक मूल्यवान साबित हो सकता है।

