onwin giriş
Home देश

रजत शर्मा ने पत्रकारिता में सनसनी फैलाने पर जताई चिंता, बोले- जिम्मेदारी और सनसनी में बहुत बारीक फर्क

राष्ट्रीय प्रेस दिवस 2026 के समारोह में इंडिया टीवी के चेयरमैन एवं एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप पर अपनी बात रखी। नई दिल्ली के आकाशवाणी रंग भवन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि आज मीडिया को अपनी जिम्मेदारी समझने की जरूरत है। सनसनी फैलाने और जिम्मेदार पत्रकारिता करने के बीच बहुत बारीक फर्क होता है।

रजत शर्मा ने मुंबई के 26/11 आतंकी हमले का जिक्र करते हुए बताया कि उस दौरान इंडिया टीवी के पास एक फोन आया था। फोन करने वाले ने खुद को ओबेरॉय होटल में मौजूद बताया और आतंकियों की ओर से बंधक बनाने की बात कही।

उन्होंने बताया कि बातचीत के दौरान आतंकियों की पहचान और उनके पाकिस्तान से संबंधों को लेकर अहम जानकारी सामने आई। सुरक्षा एजेंसियों को भी इसकी जानकारी दी गई। बाद में नरीमन हाउस में ऑपरेशन के दौरान चैनल ने लाइव प्रसारण में 10-12 मिनट की देरी रखी, ताकि सुरक्षा एजेंसियों के अभियान पर असर न पड़े।

रजत शर्मा ने विंग कमांडर अभिनंदन के पाकिस्तान में पकड़े जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय सभी ब्रॉडकास्टर्स ने मिलकर फैसला किया था कि उनके साथ मारपीट के वीडियो प्रसारित नहीं किए जाएंगे, क्योंकि इससे सेना और देश का मनोबल प्रभावित हो सकता था।

उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान कुछ चैनलों ने बिना पुष्टि के भारतीय सेना के लाहौर और कराची तक पहुंचने की खबरें चला दी थीं। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना पत्रकारिता बताया।

इसके अलावा सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में कुछ चैनलों द्वारा हत्या के दावे किए जाने पर भी सवाल उठाए।

रजत शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया और यूट्यूब पर जिम्मेदारी तय करने की व्यवस्था मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग केवल व्यूज और कमाई के लिए धर्म के नाम पर नफरत फैलाते हैं और विवादित कंटेंट बनाते हैं।

उन्होंने अपील की कि मीडिया और सोशल मीडिया से जुड़े सभी लोगों को देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.