onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

चीन ने बनाया 19 यात्रियों वाला इलेक्ट्रिक विमान, पायलट के साथ भरी पहली सफल उड़ान; 400 KM है रेंज

चीन ने इलेक्ट्रिक एविएशन के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। चीन की सरकारी विमान निर्माता कंपनी COMAC द्वारा विकसित इलेक्ट्रिक विमान CE-25A ने पहली बार पायलट के साथ सफल परीक्षण उड़ान भरी है। यह परीक्षण शानदोंग प्रांत के बिनझोउ में किया गया। इस विमान की खासियत है कि यह इलेक्ट्रिक तकनीक से संचालित होने के साथ-साथ बिना पायलट के स्वायत्त उड़ान भरने में भी सक्षम है। इसे भविष्य की पर्यावरण अनुकूल हवाई यात्रा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

करीब 16 मिनट तक हवा में रहा विमान

चीन के सरकारी प्रसारक CCTV के मुताबिक, शनिवार 14 नवंबर को हुए परीक्षण के दौरान विमान में दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर मौजूद थे। परीक्षण का पूरा सत्र 57 मिनट 46 सेकंड तक चला। इस दौरान विमान ने 16 मिनट से अधिक समय तक उड़ान भरी और करीब 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की।

इंजीनियरों के मुताबिक, परीक्षण के दौरान विमान के सभी सिस्टम सामान्य रूप से काम करते रहे और किसी तरह की असामान्य स्थिति सामने नहीं आई।

पहली उड़ान से पहले किए 19 मानवरहित परीक्षण

CE-25A की पायलट के साथ पहली सफल उड़ान से पहले 19 मानवरहित परीक्षण उड़ानें पूरी की गई थीं। इसकी पहली स्वायत्त उड़ान 2 फरवरी को हुई थी। इन परीक्षणों के जरिए विमान की तकनीकी क्षमता, उड़ान नियंत्रण और सुरक्षा प्रणालियों का आकलन किया गया। इसके बाद पायलट के साथ उड़ान का परीक्षण किया गया।

19 यात्रियों के बैठने की है क्षमता

CE-25A को शहरों के बीच हवाई यात्रा के लिए विकसित किया गया है। इसमें एक बार में 19 यात्री सफर कर सकते हैं। विमान की प्रमुख खूबियां इस प्रकार हैं:

यात्री क्षमता: 19 लोग

अधिकतम टेकऑफ वजन: 10 टन

क्रूज स्पीड: 300 किलोमीटर प्रति घंटा

अधिकतम क्रूज ऊंचाई: 2,400 मीटर

एक बार में दूरी: करीब 400 किलोमीटर

तकनीक: इलेक्ट्रिक प्रोपेलर

कमर्शियल उड़ान की दिशा में बढ़ा चीन

इस परियोजना में COMAC के साथ बैटरी निर्माता CATL और शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी समेत कई संस्थान शामिल हैं। विमान को चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन (CAAC) की ओर से टाइप सर्टिफिकेट के लिए आवेदन स्वीकार किए जाने की मंजूरी भी मिल चुकी है।

हालांकि, नियमित यात्री सेवाएं शुरू करने से पहले विमान को जरूरी प्रमाणन प्रक्रिया पूरी करनी होगी। अगर यह प्रक्रिया सफल रहती है तो भविष्य में इलेक्ट्रिक विमानों के जरिए कम दूरी की हवाई यात्रा को बढ़ावा मिल सकता है। इससे विमानन क्षेत्र में पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम करने की दिशा में भी मदद मिल सकती है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.