onwin giriş
Home मनोरंजन

‘बंटवारा 1947’ को दर्शकों ने दिया दमदार रिस्पॉन्स, सनी देओल-प्रीति जिंटा की जोड़ी ने जीता दिल

स्वतंत्रता दिवस के खास मौके पर राजकुमार संतोषी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। भारत के विभाजन की दर्दनाक पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा लंबे समय बाद एक साथ पर्दे पर नजर आ रहे हैं। रिलीज के साथ ही सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर दर्शकों और फिल्म समीक्षकों की शुरुआती प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

फिल्म देखने के बाद कई X यूजर्स ने इसे भावुक और प्रभावशाली सिनेमाई अनुभव बताया। कुछ दर्शकों ने शुरुआती 20 मिनट को ही बेहद भावुक कर देने वाला बताया, जबकि कई लोगों ने सनी देओल की दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और संवाद अदायगी की जमकर तारीफ की।

एक यूजर ने फिल्म को ‘घावों पर मरहम लगाने जैसा अहसास’ बताते हुए सनी देओल के किरदार को उनके करियर के सबसे प्रभावशाली किरदारों में से एक बताया। वहीं, एक अन्य दर्शक ने इसे ड्रामा, इमोशन और एक्शन से भरपूर फिल्म बताते हुए बड़ी उम्मीदों पर खरी उतरने वाली फिल्म कहा।

एक विस्तृत सोशल मीडिया रिव्यू में फिल्म को 5 में से 4 स्टार दिए गए। इसमें सनी देओल और निर्देशक राजकुमार संतोषी की जोड़ी की तारीफ करते हुए कहा गया कि दोनों का साथ फिल्म में इमोशन, इंटेंसिटी और मास अपील का बेहतरीन मेल पेश करता है।

इंटरवल तक की प्रतिक्रियाओं में भी फिल्म को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। दर्शकों के मुताबिक फिल्म ने विभाजन के दौरान लोगों के दर्द और विस्थापन की त्रासदी को प्रभावी तरीके से दिखाया है।

सनी देओल की कास्टिंग, उनकी डायलॉग डिलीवरी और एक्शन दृश्यों की खास तौर पर तारीफ की गई है। प्रीति जिंटा और शबाना आजमी के अभिनय को भी दर्शकों ने सराहा है।

फिल्म निर्माता रमेश तौरानी ने भी सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने इसे संवेदनशील और मार्मिक फिल्म बताते हुए कहा कि यह इतिहास के कठिन दौर में इंसानियत, सहनशीलता और करुणा के महत्व को रेखांकित करती है।

फिल्म में सनी देओल ‘सिकंदर मिर्जा’ और प्रीति जिंटा ‘हमीदा मिर्जा’ के किरदार में हैं। इनके अलावा शबाना आजमी, करण देओल, अली फजल और अभिमन्यु सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।

‘बंटवारा 1947’ सनी देओल और राजकुमार संतोषी की सफल जोड़ी का एक और रीयूनियन है। इससे पहले दोनों ‘घायल’, ‘दामिनी’ और ‘घातक’ जैसी यादगार फिल्में दे चुके हैं। वहीं, प्रीति जिंटा की लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी ने भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाई है।

फिल्म की कहानी 1947 के भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर में फैली हिंसा, डर और विस्थापन के बीच फंसे लोगों की जिंदगी को केंद्र में रखती है। यह कहानी सिर्फ विभाजन की ऐतिहासिक घटना नहीं बल्कि उन परिवारों और लोगों के दर्द को दिखाती है, जिन्होंने अपने घर, जमीन और पहचान तक खो दी।

फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह आसिफ वजाहत के चर्चित नाटक ‘जिस लाहौर नै देख्या, ओ जम्याई नै’ पर आधारित बताई गई है।

स्वतंत्रता दिवस के लंबे वीकेंड में ‘बंटवारा 1947’ का मुकाबला इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ से हो रहा है। एक ओर सनी देओल की पीरियड ड्रामा फिल्म देशभक्ति और विभाजन की भावुक कहानी लेकर आई है, तो दूसरी ओर इमरान हाशमी लंबे समय बाद ‘शिवम पंडित’ के किरदार में वापसी कर रहे हैं।

ऐसे में आने वाला लंबा वीकेंड दोनों फिल्मों के लिए बॉक्स ऑफिस के लिहाज से काफी अहम रहने वाला है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.