वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपनी सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने अमेरिका के राज्य न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने का संकेत दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें ‘मैक्सिको’ शब्द को हटाकर उसकी जगह ‘अमेरिका’ लिखा गया है।
ट्रंप को पसंद आया ‘न्यू अमेरिका’ नाम
ट्रंप ने अपनी पोस्ट में लिखा कि कई लोगों ने न्यू मैक्सिको का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने का सुझाव दिया है। उन्होंने कहा कि यह नाम राज्य के लोगों के लिए ज्यादा सम्मानजनक और सुंदर होगा। ट्रंप ने आगे लिखा कि उन्हें यह सुझाव काफी पसंद आया।
ट्रंप की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर उनके इस सुझाव को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, केवल राष्ट्रपति की सोशल मीडिया पोस्ट से किसी अमेरिकी राज्य का आधिकारिक नाम नहीं बदला जा सकता और इसके लिए संवैधानिक एवं कानूनी प्रक्रिया की आवश्यकता होगी।
होर्मुज का नाम बदलने का भी दिया था सुझाव
यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी स्थान या क्षेत्र का नाम बदलने का सुझाव दिया है। इससे पहले ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच उन्होंने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का नाम बदलकर ‘ट्रंप स्ट्रेट’ करने की बात कही थी।
ट्रंप ने एक पोस्ट में सवाल किया था कि अगर होर्मुज जलडमरूमध्य अमेरिका के नियंत्रण में है तो इसका नाम ‘ट्रंप स्ट्रेट’ क्यों न कर दिया जाए। उन्होंने इससे पहले होर्मुज का नक्शा साझा करते हुए इसे ‘NEW U.S. Territory’ भी बताया था।
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के प्रमुख समुद्री मार्गों में शामिल है। यह फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी और अरब सागर से जोड़ता है और वैश्विक तेल एवं गैस आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।
मैक्सिको की खाड़ी का नाम भी बदल चुके हैं ट्रंप
ट्रंप इससे पहले मैक्सिको की खाड़ी का नाम बदलकर ‘अमेरिका की खाड़ी’ करने का आदेश दे चुके हैं। इसके बाद अमेरिका में Apple और Google के मैप्स पर भी नाम में बदलाव किया गया था।
हालांकि, मैक्सिको और कनाडा ने ऐसे नाम परिवर्तनों को स्वीकार नहीं किया। ट्रंप के इस नए सुझाव के बाद अब न्यू मैक्सिको के नाम को लेकर भी राजनीतिक और सार्वजनिक बहस तेज होने की संभावना है।
