गोपेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के विकास को नई गति देते हुए ₹155.36 करोड़ की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹113.99 करोड़ की 36 योजनाओं का शिलान्यास तथा ₹41.37 करोड़ की 27 योजनाओं का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, बाढ़ सुरक्षा, पशुपालन, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने चमोली को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इसके समग्र विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का शिलान्यास किया, उनमें जोशीमठ-नीति मार्ग पर जुग्जू में स्टील ट्रस पुल, लंगसी-द्वींग-तपोवन-लांजी-पोखनी मोटर मार्ग पर 78 मीटर लंबा लोहा पुल, चांदनीखाल-रड़वा-काण्डई-रेंसू और विशालखाल-देवीखेत-बांमेश्वर मोटर मार्गों का विस्तार, नंदानगर की 13 पर्वतीय नहरों का पुनरोद्धार, विभिन्न बाढ़ सुरक्षा परियोजनाएं, मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग, सामुदायिक भवन, पार्किंग, विद्यालय भवन, स्टील गर्डर पुल और कई मोटर मार्गों का निर्माण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने जिन परियोजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें गैरसैंण मुख्य मार्ग पर इंटरलॉकिंग टाइल्स, सेमी-मासों, हापला-गुड़म-नैल-नौली और नंदासैंण-मालई मोटर मार्गों का निर्माण एवं डामरीकरण, पोखरी और जिला चिकित्सालय चमोली में स्वास्थ्य भवन, विभिन्न विद्यालयों में पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं और आर्ट एंड क्राफ्ट कक्ष, बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी, गोपेश्वर स्पोर्ट्स स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, कल्पेश्वर पाथवे एवं आर्क ब्रिज, पाण्डुकेश्वर सहकारी समिति भवन तथा कई मोटर मार्गों के अपग्रेडेशन कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से जिले में सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, खेल सुविधाएं, पर्यटन, मत्स्य पालन और अन्य आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो सकें।
