onwin giriş
Home उत्तराखंड

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के समर्थन में कांग्रेस का नुक्कड़ नाटक, शिक्षा और बेरोज़गारी के मुद्दों को उठाया

देहरादून: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के समर्थन में उत्तराखंड कांग्रेस ने गुरुवार को प्रेमनगर बाजार के मुख्य चौराहे पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता अभिनव थापर के नेतृत्व में किया गया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से वर्तमान शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बढ़ती बेरोज़गारी और युवाओं पर बढ़ते मानसिक दबाव जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। कलाकारों ने छात्रों के भविष्य से जुड़े सवालों को नाट्य प्रस्तुति के जरिए आमजन के सामने रखा।

नाटक में विशेष रूप से देहरादून की छात्रा रिया थापा की आत्महत्या की घटना का उल्लेख करते हुए छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही नीट (NEET) परीक्षा से जुड़े विवादों और प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों में बढ़ रही असुरक्षा और तनाव के मुद्दे भी उठाए गए।

कार्यक्रम संयोजक एवं कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने विद्यार्थियों, युवाओं और आम नागरिकों से 17 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाना जरूरी है।

इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिड़ला सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय युवा और नागरिक मौजूद रहे।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.