वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने दावा किया है कि अमेरिका ने वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ISIS के शीर्ष कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि यह ऑपरेशन उनके निर्देश पर अमेरिकी सेना और नाइजीरिया की सेना ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया।
ट्रंप के अनुसार, अबू-बिलाल अल-मिनुकी Islamic State का वैश्विक स्तर पर दूसरा सबसे बड़ा कमांडर माना जाता था और वह अफ्रीका में छिपकर आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उन्होंने कहा कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों के पास उसके ठिकानों और गतिविधियों से जुड़ी सटीक जानकारी मौजूद थी, जिसके आधार पर यह मिशन सफलतापूर्वक पूरा किया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया कि अल-मिनुकी अफ्रीका में आतंकवाद फैलाने के अलावा अमेरिकी नागरिकों और हितों को निशाना बनाने की साजिशों में भी शामिल था। ट्रंप ने कहा कि इस कार्रवाई से ISIS के वैश्विक नेटवर्क और उसकी ऑपरेशनल क्षमता को बड़ा झटका लगा है।
उन्होंने इस ऑपरेशन में सहयोग के लिए नाइजीरिया सरकार और वहां की सुरक्षा एजेंसियों का भी धन्यवाद किया। जानकारी के मुताबिक, इस मिशन की तैयारी लंबे समय से चल रही थी और इसमें अमेरिकी इंटेलिजेंस एजेंसियों, स्पेशल फोर्सेज और नाइजीरियाई सुरक्षा बलों ने मिलकर काम किया।
विशेषज्ञों का मानना है कि पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीका के कई हिस्सों में ISIS और उससे जुड़े आतंकी संगठनों की गतिविधियां बढ़ी हैं। इसी कारण अमेरिका और अफ्रीकी देशों के बीच आतंकवाद विरोधी सहयोग लगातार मजबूत किया जा रहा है।

