ओडिशा के गंजाम जिला में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पुरुषोत्तमपुर थाना क्षेत्र के लाडकापल्ली चौक के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बस ने ऑटो-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस ऑटो को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
बताया जा रहा है कि ऑटो में एक ही परिवार के 10 लोग सवार थे, जो मां सिंहासिनी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने नियंत्रण खो दिया और ऑटो से टकरा गई। दुर्घटना में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद भी बस नहीं रुकी और ऑटो को काफी दूर तक घसीटती रही। हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और कई यात्री वाहन में फंस गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को पहले कोदला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। कुछ घायलों की हालत अब भी चिंताजनक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस फरार बस चालक की तलाश कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं।

