
परिसीमन बिल को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एनडीए सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि 850 सीटों का प्रस्ताव भारतीय लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी परिसीमन प्रक्रिया पर नियंत्रण हासिल कर चुनावी क्षेत्रों का नक्शा अपने राजनीतिक फायदे के हिसाब से बदलना चाहती है।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग पर पहले ही कब्जा कर लिया गया है और अब सरकार परिसीमन की प्रक्रिया को भी अपने नियंत्रण में लेना चाहती है। उन्होंने दावा किया कि प्रस्तावित आयोग में सत्ता पक्ष को पूरा नियंत्रण मिल जाएगा और उसके फैसलों को अदालत में चुनौती देने का रास्ता भी बंद हो सकता है।
2011 की जनगणना को लेकर सरकार पर निशाना
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बीजेपी 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करके लोकसभा सीटों की संख्या को साल 2051 तक फ्रीज करना चाहती है। उनके मुताबिक, ऐसा करने से जाति आधारित जनगणना की मांग को नजरअंदाज किया जा रहा है और SC, ST, OBC तथा अल्पसंख्यक वर्गों के अधिकार कमजोर हो सकते हैं।
राहुल गांधी ने रखीं ये दो बड़ी मांगें
कांग्रेस नेता ने परिसीमन प्रक्रिया को लेकर अपनी मांगें भी सामने रखीं। उन्होंने कहा कि परिसीमन के लिए नवीनतम जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए और एक सर्वदलीय परिसीमन आयोग का गठन होना चाहिए।
राहुल गांधी ने यह भी कहा कि महिलाओं के लिए आरक्षण मौजूदा 543 लोकसभा सीटों के भीतर ही लागू किया जा सकता है। इसमें OBC महिलाओं के लिए उप-कोटा रखने पर भी विचार किया जा सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि असली मुद्दा केवल लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाने का नहीं है, बल्कि सरकार को निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं अपनी मर्जी से तय करने की खुली छूट देने का है।
850 सीटों के प्रस्ताव पर राहुल गांधी ने क्यों उठाए सवाल?
राहुल गांधी ने कहा कि 850 सीटों का आंकड़ा इसलिए रखा गया है, ताकि बीजेपी को देश के निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा अपनी राजनीतिक जरूरतों के हिसाब से बदलने का मौका मिल सके। उन्होंने जम्मू-कश्मीर और असम में हुए परिसीमन का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में ऐसे बदलाव किए गए, जिनसे बीजेपी को राजनीतिक फायदा पहुंच सकता है।
राहुल गांधी ने चेतावनी दी कि अगर परिसीमन की प्रक्रिया पर सरकार का पूरा नियंत्रण हो गया तो इसका असर देश के लोकतांत्रिक ढांचे और चुनावी व्यवस्था पर पड़ सकता है।
फिलहाल परिसीमन बिल को लेकर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आने वाले दिनों में संसद में इस मुद्दे पर सियासी टकराव और बढ़ने की संभावना है।

