onwin giriş
Home अंतर-राष्ट्रीय

अमेरिका में जग्गू भगवानपुरिया गैंग पर बड़ी कार्रवाई, ड्रग्स-रंगदारी और हत्या की साजिश के गंभीर आरोप

अमेरिका में गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया और उसके कथित अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। अमेरिकी ग्रैंड ज्यूरी की चार्जशीट में गैंग पर ड्रग्स तस्करी, रंगदारी, अवैध हथियारों की तस्करी और हत्या की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जांच में यह भी दावा किया गया है कि इस नेटवर्क की गतिविधियां भारत, अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको तक फैली हुई थीं।

कोकीन तस्करी का आरोप

चार्जशीट के अनुसार, जग्गू भगवानपुरिया ने कथित तौर पर लॉस एंजिलिस से कनाडा के वैंकूवर तक बड़ी मात्रा में कोकीन भेजने की साजिश में अहम भूमिका निभाई। आरोप है कि 16 फरवरी 2026 को करीब 163 किलोग्राम कोकीन की खेप के साथ अतिरिक्त 20 किलोग्राम कोकीन भेजने पर भी सहमति बनी थी।

हत्या की जिम्मेदारी लेने की साजिश

अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि 15 जनवरी 2026 को पंजाब के मियानी में हुई हत्या की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए लेने की योजना बनाई गई। आरोप है कि अगले दिन मृतक के परिवार को इंस्टाग्राम पोस्ट का स्क्रीनशॉट भेजकर हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।

पंजाब पुलिस के अधिकारी पर भी आरोप

चार्जशीट में एक कथित भ्रष्ट पंजाब पुलिस अधिकारी का भी उल्लेख है। आरोप है कि अधिकारी की मदद से पीड़ित परिवार को झूठे हत्या के मामले में फंसाने की साजिश रची गई। जांच के अनुसार, परिवार से पैसे की मांग की गई और रकम मिलने पर दो सदस्यों का नाम मामले से हटाने की कथित पेशकश भी की गई। अमेरिकी एजेंसियां इस अधिकारी के प्रत्यर्पण की मांग कर सकती हैं।

अमेरिका में कारोबारी से रंगदारी

चार्जशीट के मुताबिक, गैंग के एक सदस्य ने अमेरिकी इमिग्रेशन हिरासत में रहते हुए भी ओहायो के एक कारोबारी से पहले 15 लाख रुपये और बाद में 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। कारोबारी और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने तथा उसके घर की तस्वीर भेजकर डराने का भी आरोप लगाया गया है।

अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का खुलासा

अमेरिकी एजेंसियों का दावा है कि गिरोह अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको के रास्ते बड़े पैमाने पर कोकीन और हेरोइन की तस्करी करता था। जांच के दौरान गोपनीय मुखबिरों की मदद से पूरे नेटवर्क की निगरानी की गई। मई-जून 2025 के दौरान करीब 100 किलोग्राम कोकीन और 1 किलोग्राम हेरोइन की खेप को ट्रैक कर अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने जब्त कर लिया।

अवैध हथियारों की तस्करी का भी आरोप

चार्जशीट में बिना लाइसेंस हथियार बेचने की साजिश का भी उल्लेख है। आरोप है कि गैंग के सदस्य ग्राहकों को हथियारों की तस्वीरें भेजकर सौदे तय करते थे और सार्वजनिक स्थानों पर डिलीवरी देते थे। जांच के दौरान एक आरोपी के पास से मशीनगन कन्वर्जन डिवाइस लगी 9 एमएम पिस्तौल बरामद होने का भी दावा किया गया है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.