onwin giriş
Home देश

असम सचिवालय में जींस, टी-शर्ट और चप्पल पहनने पर रोक, कर्मचारियों के लिए लागू हुआ नया ड्रेस कोड

गुवाहाटी: असम सरकार ने राज्य सचिवालय ‘जनता भवन’ में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नई ड्रेस एडवाइजरी जारी की है। इसके तहत अब कार्यालय के समय और आधिकारिक कार्यक्रमों के दौरान जींस, टी-शर्ट, लेगिंग्स, ट्यूनिक और चप्पल पहनने की अनुमति नहीं होगी। सरकार ने यह नियम सचिवालय में अनुशासन, गरिमा और पेशेवर माहौल बनाए रखने के उद्देश्य से लागू किया है।

सामान्य प्रशासन (सचिवालय स्थापना) विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि कुछ अधिकारी ड्यूटी के दौरान ऐसे कपड़े पहन रहे हैं, जो सरकारी कार्यालय के माहौल के अनुरूप नहीं हैं। इससे आम जनता के बीच सरकारी कर्मचारियों की छवि प्रभावित हो रही है और सरकार को भी असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

सभी कैडर के अधिकारियों पर लागू होंगे नियम

सरकार की ओर से जारी यह एडवाइजरी तत्काल प्रभाव से लागू की गई है। इसके दायरे में जनता भवन में काम करने वाले सभी कैडर के अधिकारी और कर्मचारी आएंगे। सभी को आधिकारिक कामकाज और कार्यक्रमों के दौरान शालीन, सभ्य और पेशेवर कपड़े पहनने के निर्देश दिए गए हैं।

पुरुष कर्मचारियों के लिए क्या होगा ड्रेस कोड?

पुरुष अधिकारियों को केवल फॉर्मल और पारंपरिक भारतीय परिधान पहनने की सलाह दी गई है। इनमें शामिल हैं:

  • फॉर्मल पैंट और शर्ट
  • कुर्ता
  • धोती-पायजामा
  • अन्य शालीन पारंपरिक परिधान
  • वहीं जींस और टी-शर्ट जैसे कैजुअल कपड़ों पर रोक लगाई गई है।
  • महिला कर्मचारियों के लिए भी तय हुई ड्रेस एडवाइजरी

महिला अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी पारंपरिक और शालीन कपड़ों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें शामिल हैं:

  • सलवार-सूट
  • साड़ी
  • मेखेला-चादोर
  • इसके अलावा जींस, टी-शर्ट, ट्यूनिक और लेगिंग्स जैसे कैजुअल कपड़े पहनने पर रोक लगाई गई है।

चप्पल पहनकर भी नहीं जा सकेंगे कार्यालय

नई एडवाइजरी में केवल कपड़ों ही नहीं, बल्कि जूतों को लेकर भी निर्देश दिए गए हैं। कर्मचारियों को कार्यालय के माहौल के अनुरूप साफ-सुथरे और सभ्य जूते पहनने होंगे। फ्लिप-फ्लॉप और अन्य अनौपचारिक चप्पल पहनने से बचने को कहा गया है।

सरकार ने हल्के रंगों के साफ-सुथरे और सादगीपूर्ण कपड़े पहनने की सलाह दी है। भड़कीले और पार्टी वियर कपड़ों को आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए अनुपयुक्त बताया गया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भी लागू रहेगा ड्रेस कोड

यह ड्रेस एडवाइजरी केवल सचिवालय के सामान्य कामकाज तक सीमित नहीं है। सचिवालय प्रशिक्षण स्कूल, असम प्रशासनिक स्टाफ कॉलेज और अन्य सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों में आयोजित आधिकारिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों के दौरान भी इन नियमों का पालन करना होगा।

नियम तोड़ने पर हो सकती है अनुशासनात्मक कार्रवाई

सरकार ने स्पष्ट किया है कि ड्रेस कोड का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। यह एडवाइजरी सभी प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ सचिवों को भी भेज दी गई है, ताकि जनता भवन में काम करने वाले सभी कर्मचारियों तक इसके निर्देश पहुंच सकें।

गौरतलब है कि इससे पहले अयोध्या के राम मंदिर में भी सेवा में लगे अर्चकों के लिए ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.