
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान इन दिनों फिल्ममेकर सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को लेकर काफी उत्साहित हैं। इसी बीच उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ का एक पुराना वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उनके पति सैफ अली खान और बहन करिश्मा कपूर साथ डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो शेयर करते हुए करीना ने मजेदार अंदाज में प्रतिक्रिया दी और सूरज बड़जात्या की नई फिल्म देखने की इच्छा भी जाहिर की।
सैफ और करिश्मा का वीडियो देख करीना ने क्या कहा?
करीना कपूर ने बुधवार सुबह अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर ‘हम साथ-साथ हैं’ का एक सीन साझा किया। इसमें सैफ अली खान और करिश्मा कपूर डांस करते दिखाई दे रहे हैं। फिल्म में सैफ ने विनोद और करिश्मा ने सपना का किरदार निभाया था। इस सीन में दोनों परिवार के सदस्यों की नकल करते हुए नई दुल्हन साधना यानी तब्बू को परिवार से मिलवाते हैं।
दिलचस्प बात यह है कि फिल्म में सैफ और करिश्मा एक-दूसरे के प्रेमी बने थे। इस वीडियो को शेयर करते हुए करीना ने लिखा, “आज सुबह उठते ही यह देखा। किसे पता था कि सैफू अपनी होने वाली साली के साथ डांस कर रहे होंगे। मुझे यह बहुत पसंद आया। मुझे सूरज जी की फिल्में भी बहुत पसंद हैं। ‘ये प्रेम मोल लिया’ का इंतजार है। मैं इसे सिनेमाघर में देखने जाऊंगी।”
1999 में रिलीज हुई थी ‘हम साथ-साथ हैं’
सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी ‘हम साथ-साथ हैं’ साल 1999 में रिलीज हुई थी। फिल्म में सलमान खान, सैफ अली खान, करिश्मा कपूर, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम कोठारी, आलोक नाथ, रीमा लागू और सतीश शाह जैसे कलाकार नजर आए थे। यह फिल्म आज भी हिंदी सिनेमा की यादगार पारिवारिक फिल्मों में गिनी जाती है।
फिल्म की रिलीज के करीब नौ साल बाद करीना और सैफ की प्रेम कहानी शुरू हुई। दोनों की नजदीकियां साल 2008 में फिल्म ‘टशन’ की शूटिंग के दौरान बढ़ीं। करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने 2012 में शादी कर ली। उनके दो बेटे हैं—तैमूर अली खान और जहांगीर अली खान, जिन्हें जेह के नाम से भी जाना जाता है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ से निर्देशन में लौट रहे हैं सूरज बड़जात्या
सूरज बड़जात्या की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ से वह एक बार फिर पारिवारिक कहानी लेकर बड़े पर्दे पर लौट रहे हैं। उनकी पिछली निर्देशित फिल्म ‘ऊंचाई’ थी, जिसमें अमिताभ बच्चन, बोमन ईरानी, अनुपम खेर और नीना गुप्ता जैसे कलाकार नजर आए थे।
‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके अलावा अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक, सीमा पाहवा, सौम्या टंडन और शाद रंधावा भी अहम किरदार निभाते नजर आएंगे। फिल्म की कहानी एक ऐसे रिश्ते के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें शादी के बाद दूल्हा दुल्हन के परिवार का हिस्सा बन जाता है।
अनुपम खेर ने की फिल्म की तारीफ
फिल्म को लेकर अभिनेता अनुपम खेर भी अपनी उत्सुकता जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने इसे पश्चिमी फिल्मों से भी ज्यादा प्रोग्रेसिव बताया और सूरज बड़जात्या की तारीफ करते हुए उन्हें जादूगर कहा।
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। अब दर्शकों को इंतजार है कि सूरज बड़जात्या की यह नई पारिवारिक कहानी बड़े पर्दे पर कितना जादू बिखेर पाती है।

