onwin giriş
Home देश

सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं होने पर मदुरै कलेक्टर ने जताया खेद

तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद पहाड़ी पर स्थित दीपथून (पत्थर के स्तंभ) पर पारंपरिक दीप नहीं जलाया गया। अब मदुरै के जिलाधिकारी ने सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर आदेश का पालन नहीं हो पाने पर खेद जताया है।

दीपत्थून पर क्यों नहीं जलाया गया दीप?

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में इस साल दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, उत्सव के दौरान दीप उसी स्थान पर जलाया गया, जहां परंपरागत रूप से पहले जलाया जाता रहा है। सिकंदर दरगाह के पास स्थित दीपथून पर दीप प्रज्वलित नहीं किया गया।

मंदिर ट्रस्ट ने क्या दी दलील?

जिला प्रशासन के मुताबिक, दीप जलाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। लेकिन मंदिर ट्रस्ट ने प्रस्ताव पारित कर दीपथून पर दीप जलाने का विरोध किया। ट्रस्ट का कहना था कि मंदिर की धार्मिक परंपराओं और आगम शास्त्रों के अनुसार भगवान मुरुगन के पीछे ऊंचाई पर स्थित गणपति मंदिर में दीप जलाना ही उचित है। किसी अन्य स्थान पर दीप जलाने से धार्मिक मान्यताएं प्रभावित हो सकती हैं।

इसके बाद प्रशासन ने ट्रस्ट की अपील पर दीपथून पर दीप जलाने की प्रक्रिया रोक दी। अब सुप्रीम कोर्ट में भी तमिलनाडु सरकार ने इसी दलील का हवाला दिया है।

BJP ने TVK सरकार पर साधा निशाना

इस मामले ने राजनीतिक रंग भी ले लिया है। तमिलनाडु BJP ने TVK सरकार और मुख्यमंत्री जोसेफ विजय पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सम्मान नहीं करने और हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। BJP नेताओं ने मंदिर परिसर के बाहर विरोध प्रदर्शन भी किया।

वहीं, TVK सरकार में शामिल कांग्रेस, VCK और वामपंथी दलों ने सरकार के फैसले का समर्थन किया है। उनका कहना है कि BJP और RSS इस मुद्दे के जरिए समाज को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।

अब सुप्रीम कोर्ट के अगले रुख पर नजर

दीपथून पर दीप नहीं जलाए जाने के बाद मामला एक बार फिर चर्चा में है। अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर टिकी है, जहां यह देखना अहम होगा कि अदालत तमिलनाडु सरकार और जिला प्रशासन की दलीलों पर क्या रुख अपनाती है।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.