
कामारेड्डी: तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में एटीएम लूट की एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है। यहां बदमाशों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहनी। इतना ही नहीं, आरोपी नाइटी पहनकर एटीएम लूटने पहुंचे थे। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे बदमाश एंबुलेंस से आए और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को कटर मशीन से काटकर उसमें रखी नकदी चुरा ले गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एंबुलेंस से पहुंचे बदमाश, कटर से काटा ATM
यह घटना कामारेड्डी जिले के गंधारी मंडल मुख्यालय की है। जानकारी के मुताबिक, बदमाश रविवार देर रात एंबुलेंस से एसबीआई के एटीएम पर पहुंचे। अपनी पहचान छिपाने के लिए उन्होंने मास्क, टोपी और नाइटी पहन रखी थी।
इसके बाद आरोपियों ने कटर मशीन की मदद से एटीएम को काटना शुरू किया। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने मशीन चलाने के लिए बिजली के तार का इस्तेमाल किया और काफी देर तक एटीएम को काटकर नकदी निकालने की कोशिश की। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह क्षतिग्रस्त मिला ATM
लूट की यह वारदात कामारेड्डी-बांसवाड़ा मुख्य मार्ग पर स्थित एटीएम में हुई। सुबह स्थानीय लोगों ने जब एटीएम को क्षतिग्रस्त देखा तो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने के बाद गंधारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
पुलिस अब एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में आरोपियों को नाइटी और मास्क पहने हुए देखा गया है। पुलिस उनकी पहचान करने के साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई एंबुलेंस के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल एटीएम से चोरी हुई नकदी की कुल रकम का पता नहीं चल पाया है। पुलिस एटीएम में घटना से पहले मौजूद नकदी और बची हुई राशि का मिलान कर रही है, ताकि चोरी की वास्तविक रकम का आकलन किया जा सके।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ लूट का वीडियो
एटीएम लूट की इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एंबुलेंस से पहुंचना और नाइटी पहनकर कटर की मदद से एटीएम काटना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि इस वारदात में कौन-कौन शामिल था और चोरी की गई नकदी कितनी थी।

