खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के 8 वर्षीय पुत्र देव के उपचार की राह आसान हुई है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में आने वाले खर्च को वहन करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गत दिवस लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां टिक्की खाई। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की स्वास्थ्य समस्या के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही गंभीर स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। बच्चे का लंबे समय से उपचार कराया जा रहा है और देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी उसका इलाज हो चुका है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर घर पहुंची चिकित्सकों की टीम
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.के. गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची।
चिकित्सकों ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसके पूर्व में कराए गए उपचार तथा मेडिकल हिस्ट्री की जानकारी ली। ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एच.एस. ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चे की वर्तमान स्थिति का परीक्षण किया।
MRI जांच के बाद तय होगा आगे का उपचार
चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की वर्तमान स्थिति और पूर्व उपचार को देखते हुए आगे की चिकित्सा प्रक्रिया तय करने के लिए सबसे पहले MRI जांच कराना जरूरी है। MRI रिपोर्ट आने के बाद बच्चे के उपचार की अगली प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बच्चे की MRI जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इलाज में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी
जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के बेहतर उपचार के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी की इस पहल से देव के परिवार को उसके बेहतर उपचार की नई उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उनकी मानवीय पहल के लिए धन्यवाद दिया।
