मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने अपनी निजी जिंदगी और परिवार को लेकर फैलाए जा रहे कथित भ्रामक, फेक और AI जनरेटेड कंटेंट के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। अभिनेता की ओर से डिजिटल प्लेटफॉर्म, मीडिया संस्थानों और कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई है।
नोटिस में कहा गया है कि गोविंदा और उनके परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला गलत, भ्रामक या आपत्तिजनक कंटेंट प्रकाशित, प्रसारित या शेयर करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
100 करोड़ रुपये तक हर्जाने की चेतावनी
ANI के अनुसार, कानूनी नोटिस में कहा गया है कि जिम्मेदार पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सिविल और क्रिमिनल कार्रवाई की जा सकती है। अभिनेता की ओर से उनकी और उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए 100 करोड़ रुपये तक के हर्जाने की मांग किए जाने की बात भी कही गई है।
डीपफेक और AI कंटेंट पर खास आपत्ति
गोविंदा की कानूनी टीम ने मॉर्फ्ड तस्वीरों, डीपफेक और AI से तैयार किए गए सिंथेटिक कंटेंट को लेकर विशेष आपत्ति जताई है।
नोटिस के मुताबिक, अभिनेता की आवाज, तस्वीर या उनकी निजी और पारिवारिक जिंदगी से जुड़ी सामग्री को डिजिटल तकनीक के जरिए बदलकर गलत तरीके से पेश करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में मानहानि, निजता के उल्लंघन, पहचान के गलत इस्तेमाल और साइबर अपराध से जुड़े कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
निजी जिंदगी को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच आया नोटिस
गोविंदा का यह कदम ऐसे समय सामने आया है जब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा और अभिनेत्री राखी सावंत के बीच बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।
वायरल वीडियो में राखी सावंत को सुनीता आहूजा से फोन पर बातचीत करते हुए दिखाया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, बातचीत में गोविंदा की दूसरी शादी और तलाक से जुड़े दावे सामने आए थे। इससे पहले भी गोविंदा और सुनीता आहूजा की निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की खबरें और चर्चाएं सामने आती रही हैं।
फेक खबरों और AI कंटेंट पर सख्त संदेश
गोविंदा की कानूनी कार्रवाई का मुख्य संदेश यह है कि उनकी निजी जिंदगी और परिवार से संबंधित किसी भी सामग्री को बिना सत्यापन के प्रसारित करने से बचा जाए। खासतौर पर AI और डीपफेक तकनीक के जरिए तैयार किए गए ऐसे कंटेंट पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिससे उनकी प्रतिष्ठा या निजता प्रभावित होती हो।
