onwin giriş
Home मनोरंजन

‘3 इडियट्स’ के ‘चतुर’ ओमी वैद्य ने सोनम वांगचुक के समर्थन में की भावुक अपील

फिल्म ‘3 इडियट्स’ में ‘चतुर रामलिंगम’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य ने सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक के समर्थन में भावुक अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि ‘फुंसुख वांगडू’ की जान जाए। गौरतलब है कि फिल्म में आमिर खान का ‘फुंसुख वांगडू’ का किरदार सोनम वांगचुक से प्रेरित बताया जाता है।

ओमी वैद्य ने कहा कि वह सोनम वांगचुक से व्यक्तिगत रूप से मिल चुके हैं और उन्हें एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व मानते हैं। उन्होंने लोगों से वांगचुक की बिगड़ती सेहत और उनकी मांगों पर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की।

वीडियो में ओमी ने चिंता जताई कि लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने के कारण सोनम वांगचुक का स्वास्थ्य लगातार खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनका ब्लड शुगर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। साथ ही उन्होंने मुख्यधारा की मीडिया से भी इस मुद्दे को पर्याप्त महत्व देने की अपील की।

अभिनेता ने लोगों से अपने व्यस्त जीवन से कुछ समय निकालकर जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन और उससे जुड़ी मांगों को समझने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यदि लोग इस आंदोलन की वजह जानेंगे, तो इसकी गंभीरता को बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए इस मुद्दे को आगे बढ़ाने की भी अपील की।

इससे पहले अभिनेता प्रकाश राज भी सोनम वांगचुक के आंदोलन का समर्थन कर चुके हैं।

अमेरिका में पढ़ाई कर चुके ओमी वैद्य इन दिनों मराठी सिनेमा में सक्रिय हैं। हाल ही में वह अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई मराठी फिल्म ‘आईचा गावात मराठीत होल’ में नजर आए थे।

Similar Posts

© www.surkandasamachar.com· All Rights Reserved.