पहाड़ों पर उमड़ा सैलानियों का सैलाब, सड़कों पर लगा लंबा जाम
भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। शिमला समेत पहाड़ी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। हालात ऐसे हैं कि सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और कई जगह ट्रैफिक रेंगता नजर आया।
जानकारी के अनुसार पिछले 72 घंटों में करीब 70 हजार वाहन शिमला पहुंचे हैं। पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण शहर के प्रमुख मार्गों और पर्यटन स्थलों पर दबाव काफी बढ़ गया है। होटल और पर्यटन कारोबारियों के चेहरों पर रौनक लौट आई है, वहीं ट्रैफिक जाम ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों की परेशानी बढ़ा दी है।
वीकेंड और छुट्टियों के चलते बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में लोग शिमला पहुंच रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से यात्रा के दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन करने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
